अमरनाथ यात्रा 2025 : इस बार नहीं मिलेगी हेलिकॉप्टर सेवा, यात्रा मार्ग बना ‘नो-फ्लाइंग जोन’

जम्मू-कश्मीर – अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर सरकार ने इस बार एक बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा कारणों के चलते यात्रा मार्ग को ‘नो-फ्लाइंग जोन’ घोषित किया गया है, जिसके चलते हेलिकॉप्टर सेवा इस बार उपलब्ध नहीं होगी। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर ड्रोन और गुब्बारे उड़ाने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
सरकारी आदेश के अनुसार, 1 जुलाई से 10 अगस्त 2025 तक अमरनाथ यात्रा मार्ग पर किसी भी तरह की उड़ान गतिविधि प्रतिबंधित रहेगी। वहीं, अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होकर 9 अगस्त तक चलेगी। यह निर्णय केंद्रीय गृह मंत्रालय की सिफारिश पर जम्मू-कश्मीर के गृह विभाग द्वारा लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि यह कदम यात्रा के दौरान मजबूत सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को घाटी की सबसे बड़ी और जटिल सुरक्षा चुनौतियों में गिना जाता है।
परंपरागत मार्गों से होगी यात्रा
श्रद्धालु इस बार भी परंपरागत पहलगाम और बालटाल मार्गों से ही अमरनाथ गुफा तक पहुंच सकेंगे। हालांकि, हेलिकॉप्टर सेवा के अभाव में बुजुर्ग और शारीरिक रूप से कमजोर यात्रियों के लिए यह यात्रा अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकती है।
हर साल लाखों श्रद्धालु
हर वर्ष देशभर से लाखों श्रद्धालु हिमालय की गुफा में स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आते हैं। लेकिन इस बार की यात्रा में अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे से तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रखा जा सके।