देश विदेश
Naxal Free India: बस्तर से नक्सलवाद लगभग खत्म, संसद में ‘नक्सल मुक्त भारत’ चर्चा पर बोले शाह; कांग्रेस पर बरसे

Naxal Free Chhattisgarh: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में ‘नक्सल मुक्त भारत’ पर चर्चा के दौरान कहा कि आज बस्तर से नक्सलवाद लगभग-लगभग समाप्त हो चुका है। अमित शाह ने कहा कि बस्तर के अंदर हर गांव में स्कूल बनाने की मुहिम चली, हर गांव में राशन की दुकान खोलने की मुहिम चली।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में नक्सल मुक्त भारत पर चर्चा की। उन्होंने इस दौरान एक महत्वपूर्ण बयान दिया। शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र से नक्सलवाद लगभग पूरी तरह समाप्त हो चुका है। शाह ने नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की सफलता और विकास कार्यों पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि बस्तर के हर गांव में स्कूल और राशन की दुकानें खोलने की मुहिम चली। शाह ने सवाल किया कि 2014 में मोदी सरकार आने के बाद देश के हर गरीब को घर, गैस, शुद्ध पानी, पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा और प्रति व्यक्ति प्रतिमाह पांच किलो मुफ्त अनाज मिला। लेकिन बस्तर वाले क्यों छूट गए थे, क्योंकि वहां लाल आतंक की परछाई थी। मोदी सरकार में वह परछाई हट गई है, जिससे बस्तर विकास कर रहा है।






