रायगढ़ में ‘उत्कल दिवस’ समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, सांस्कृतिक एकता और विकास पर दिया जोर

रायगढ़। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगन्नाथ स्वामी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ के गायन के साथ हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे यहां अतिथि के रूप में नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए हैं। उन्होंने रायगढ़ की जनता का आभार जताते हुए कहा कि उन्हें वर्षों से मिल रहा स्नेह आज भी बरकरार है। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ और ओडिशा के बीच ऐतिहासिक ‘रोटी-बेटी’ संबंधों का उल्लेख करते हुए दोनों राज्यों की सांस्कृतिक एकता को मजबूत बताया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज की पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया और जगन्नाथ रथ यात्रा के आयोजन के लिए 5 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। साथ ही मंदिर जीर्णोद्धार सहित अन्य मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से बड़ी संख्या में आवास रिकॉर्ड समय में पूर्ण हो चुके हैं। उन्होंने धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और तीर्थ दर्शन योजनाओं का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे प्रदेश में खुशहाली बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आई है और वहां अब सड़क, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं। साथ ही युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान समाज की आठ प्रतिभाओं को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। अंत में मुख्यमंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।






