दिल्ली से ज्यूरिख जा रही फ्लाइट में टेकऑफ से पहले धुआं, 232 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया

दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ी विमानन दुर्घटना टली
दिल्ली से ज्यूरिख जा रही स्विस इंटरनेशनल एयर लाइन्स की फ्लाइट (LX147) में रविवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब टेकऑफ से ठीक पहले विमान से धुआं निकलने लगा। स्थिति को देखते हुए पायलट ने तुरंत टेकऑफ रोक दिया और विमान में सवार 232 यात्रियों को इमरजेंसी में सुरक्षित बाहर निकाला गया।
टेकऑफ के दौरान सामने आई तकनीकी खराबी
जानकारी के अनुसार विमान सुबह करीब 1 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने के लिए रनवे पर था। इसी दौरान लैंडिंग गियर के पोर्ट साइड से धुआं निकलने लगा। खतरे को भांपते हुए पायलट ने तुरंत निर्णय लेते हुए टेकऑफ कैंसिल कर दिया और इमरजेंसी प्रोटोकॉल लागू कर दिए।
इमरजेंसी स्लाइड से यात्रियों की सुरक्षित निकासी
एयरलाइन के अनुसार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को इमरजेंसी स्लाइड और कुछ मामलों में सीढ़ियों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस दौरान 6 यात्रियों को हल्की असहजता या मामूली चोट के चलते मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। सभी की स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
जांच के लिए पहुंची तकनीकी टीम
एयरलाइन ने बताया कि विमान की तकनीकी खराबी की जांच के लिए विशेषज्ञ टीम दिल्ली पहुंच रही है। साथ ही यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि उनकी आगे की यात्रा में कोई परेशानी न हो।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रशासन का बयान
दिल्ली एयरपोर्ट ने बताया कि घटना के दौरान पूरी इमरजेंसी प्रक्रिया मानक सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत लागू की गई। एयरपोर्ट संचालन पर कोई असर नहीं पड़ा और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही।






