छत्तीसगढ़

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, चलती कार में आग लगने से 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

Advertisement

अलवर। राजस्थान के अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र स्थित दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। चलती कार में अचानक आग लगने से कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से झुलस गया।

चंद मिनटों में आग का गोला बनी कार

जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब एक बजे मौजपुर के पास पिलर नंबर 115/300 पर हुआ। दिल्ली से कोटा की ओर जा रही कार में अचानक अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया।

तीन महिलाएं, एक बच्ची और एक पुरुष की मौत

हादसे में मध्य प्रदेश के श्योपुर निवासी तीन महिलाओं, एक बच्ची और एक पुरुष की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। पुलिस अब मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी हुई है।

चालक ने कूदकर बचाई जान

कार चालक विनोद कुमार मेहर ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचाई, लेकिन वह करीब 80 प्रतिशत झुलस गया। घायल चालक को पहले पिनान सीएचसी और बाद में गंभीर हालत में अलवर रेफर किया गया।

दमकल पहुंचने से पहले जलकर राख हुई कार

सूचना मिलते ही एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम, एम्बुलेंस, पुलिस और दमकल मौके पर पहुंची। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर कबाड़ बन चुकी थी। बाद में दो दमकलों ने आग पर काबू पाया।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना पर डीएसपी कैलाश जिंदल और एसपी सुधीर चौधरी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button