छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध, अफवाहों से बचने की अपील

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एवं डीजल की पर्याप्त उपलब्धता को लेकर खाद्य सचिव रीना बाबासाहेब कंगाले ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के ऑयल डिपो को नियमित रूप से आवश्यकतानुसार पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्रदेश में 2516 पेट्रोल-डीजल पंप संचालित, पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है स्टॉक
खाद्य सचिव Reena Babasaheb Kangale ने जानकारी दी कि वर्तमान में प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल एवं डीजल पंप संचालित हैं। राज्य में फिलहाल पेट्रोल का 45,474 किलोलीटर तथा डीजल का 84,654 किलोलीटर स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में प्रतिदिन पेट्रोल की औसत आवश्यकता 3,635 किलोलीटर तथा डीजल की दैनिक आवश्यकता 5,873 किलोलीटर है। वहीं आज विभिन्न ऑयल डिपो में 6,551 किलोलीटर पेट्रोल और 4,760 किलोलीटर डीजल प्राप्त हुआ है।
रायपुर और बिलासपुर में कुछ पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट, लगातार की जा रही आपूर्ति
खाद्य सचिव ने बताया कि रायपुर शहर में कुल 326 पेट्रोल एवं डीजल पंप हैं, जिनमें से 35 पंप अस्थायी रूप से ड्राई आउट हैं। इसी प्रकार बिलासपुर में कुल 156 पंपों में से 13 पंपों पर अस्थायी रूप से ईंधन समाप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि इन सभी ड्राई आउट पंपों को जल्द से जल्द स्टॉक उपलब्ध कराने के लिए ऑयल कंपनियों के डिपो से लगातार आपूर्ति की जा रही है।
अफवाहों के कारण अचानक बढ़ी मांग, कुछ स्थानों पर बनी कृत्रिम कमी की स्थिति
खाद्य विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों में कुछ पेट्रोल और डीजल पंपों के ड्राई आउट होने की खबरों के बाद अफवाह और घबराहट की स्थिति बनी, जिसके चलते लोगों द्वारा सामान्य से अधिक मात्रा में ईंधन खरीदा गया।
मांग में अचानक हुई इस वृद्धि के कारण कुछ स्थानों पर कृत्रिम अभाव की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि शासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई वास्तविक कमी नहीं है।
पैनिक खरीदी और अनावश्यक भंडारण नहीं करने की अपील
खाद्य सचिव ने आम उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे किसी भी भ्रम या अफवाह से प्रभावित होकर पैनिक खरीदी या पेट्रोल-डीजल का अनावश्यक संग्रहण न करें। शासन और ऑयल कंपनियां समन्वय के साथ लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा सभी पेट्रोल पंपों पर नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।






