चलती राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया, बड़ा हादसा टला

नई दिल्ली/कोटा। पश्चिम रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस में आग लगने की घटना सामने आई है। ट्रेन संख्या 12431 के बी-1 कोच में अचानक आग लगने से यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, हालांकि समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
बी-1 कोच में लगी आग, तत्काल काटी गई बिजली आपूर्ति
रेलवे के अनुसार यह घटना लूणी रिच्छा (LNR) और विक्रमगढ़ आलोट (VMA) स्टेशन के बीच हुई। आग ट्रेन के बी-1 कोच में एसएलआर छोर के पास लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे ने तत्काल ओएचई (ओवरहेड इलेक्ट्रिक) आपूर्ति बंद कर दी और प्रभावित कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।
रेलवे और दमकल टीम ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद रेलवे अधिकारी और कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का कार्य शुरू किया गया। सुरक्षा कारणों से ट्रेन संख्या 12955 को महिदपुर रोड स्टेशन पर रोका गया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित रेलखंड को जल्द बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि घटना में कोई यात्री या रेलवे कर्मचारी घायल नहीं हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।






