किसान से कथित मारपीट पर भड़का सतनामी समाज, आरंग थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग

रायपुर। किसान के साथ कथित गौसेवकों द्वारा मारपीट और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने के विरोध में शनिवार को सतनामी समाज के लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाज के लोग आरंग थाना पहुंचे और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त बल तैनात कर थाना परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया।
मवेशियों की पहचान करने थाने पहुंचे थे किसान
जानकारी के अनुसार, 9 मई को आरंग के गुल्लू क्षेत्र के पास एक लावारिस ट्रक मिला था, जिसमें 19 मवेशी भरे हुए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ट्रक को थाने लेकर पहुंची और जांच शुरू की।
इसी दौरान ग्राम गुदगुदा निवासी किसान बालकुमार कुर्रे अपने लापता मवेशियों की पहचान करने आरंग थाना पहुंचे थे।
थाना परिसर में मारपीट और वीडियो वायरल करने का आरोप
आरोप है कि इसी दौरान रायपुर निवासी कथित गौसेवक गोल्डी शर्मा और उसके साथियों ने किसान के साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और मारपीट की। आरोप यह भी है कि घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया गया।
घटना के बाद सतनामी समाज में नाराजगी बढ़ गई और समाज के लोगों ने थाने पहुंचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी अभिषेक झा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
ट्रक से जुड़े लोगों तक नहीं पहुंची जांच
घटना के बीच एक महत्वपूर्ण सवाल अभी भी बना हुआ है। मवेशियों से भरे मिले उस लावारिस ट्रक से जुड़े लोगों तक पुलिस अभी तक नहीं पहुंच सकी है, जिससे जांच के कई पहलुओं पर सवाल उठ रहे हैं।






