छत्तीसगढ़ दौरे पर पहुंचे अमित शाह: तीन दिवसीय प्रवास में रायपुर और जगदलपुर के कार्यक्रमों में होंगे शामिल

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय प्रवास पर रविवार देर शाम रायपुर पहुंचे। मंत्री अमित शाह रायपुर और जगदलपुर के कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। अपने प्रवास के दौरान वे सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने, जनसुविधाओं का विस्तार, स्थानीय समाज से सीधा संवाद करने के साथ-साथ विभिन्न शीर्ष नीतिगत और प्रशासनिक बैठक लेंगे। मंत्री अमित शाह के रायपुर आगमन पर विमानतल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम विजय शर्मा, अरुण साव, मंत्री ओपी चौधरी, वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक समेत कई मंत्रियों एवं भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। मंत्री अमित शाह के वाहनों के काफिले में 5 गाडियां थीं।
तय कार्यक्रम के अनुसार, वे रायपुर एयरपोर्ट से सीधे नवा रायपुर स्थित होटल पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम तय था। मंत्री अमित शाह 18 मई को सुबह 10.30 बजे आपातकालीन सेवाओं के लिए नेक्स्ट जेन सीजी डॉयल 112 इंटीग्रेटेड इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर चलित फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी एवं 400 अत्याधुनिक डॉयल-112 वाहन का भी शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत प्रदेश के गृह मंत्री विजय शर्मा ने रविवार को कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
शहीदों को श्रद्धांजलि
इसके तुरंत बाद वे बस्तर जिले के नेतानार के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां सुबह 11.45 बजे सुदूर अंचलों में शासकीय व डिजिटल सेवाओं को सुलभ बनाने के बनाने के लिए ‘जनसुविधा केंद्र’ का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। जगदलपुर पहुंचने पर गृह मंत्री दोपहर 1 बजे अमर वाटिका जाकर देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके पश्चात दोपहर 2 बजे जगदलपुर की बादल अकादमी में एक वृहद संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा, जहां मंत्री अमित शाह शहीदों के परिजनों, नक्सल मोर्चे पर तैनात सीएपीएफ व राज्य के विशेष सुरक्षा बलों, पुलिस अधिकारियों, नक्सल पीड़ितों और स्थानीय विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रबुद्ध प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जमीनी स्तर पर व्यापक चर्चा करेंगे। शाम 6.30 बजे बादल अकादमी में ही ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होगा, जिसमें वे बतौर मुख्य अतिथि शामिल होकर बस्तर की अनूठी जनजातीय कला और संस्कृति का अवलोकन करेंगे।
अब 33 जिलों में डॉयल 112 सेवा का विस्तार
नेक्स्ट जेन सीजी डॉयल-112 प्रदेश में तकनीक आधारित सुशासन की दिशा में एक अभिनव पहल है, जिसके माध्यम से पुलिस सेवा, फायर सर्विस, मेडिकल इमरजेंसी सहायता, महिला हेल्पलाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, आपदा प्रबंधन सहायता तथा हाईवे इमरजेंसी जैसी सेवाओं को एकीकृत मंच पर उपलब्ध कराया जा रहा है। अब यह प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तारित हो जाएगी।
बस्तर में आज और कल अहम बैठक
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सोमवार को बस्तर पहुंचेंगे। वे कई अहम बैठकों में शामिल होंगे, इस दौरान चार राज्यों के मुख्यमंत्री व आठ राज्य के डीजीपी भी मौजूद रहेंगे। गौरतलब है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह नक्सल समाप्ति की डेडलाइन के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के तीन दिवसीय प्रवास के दो दिन बस्तर में रहेंगे। बस्तर प्रवास का पहला दिन 18 मई नक्सल मसले पर ही केंद्रित रहेगा। गृहमंत्री शाह 18 मई को जगदलपुर के निजी होटल में एक अहम बैठक लेंगे। इस बैठक में नक्सल प्रभावित राज्य छग के अलावा महाराष्ट्र, झारखंड, आंध्रप्रदेश, मध्यप्रदेश, ओडिशा, बिहार व तेलंगाना के डीजीपी शामिल होंगे। इस बैठक में पैरामिलिट्री फोर्स आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआरपीएफ के डीजी व आईबी प्रमुख भी शामिल होंगे। सूत्रों के मुताबिक इस अहम बैठक में राज्यों के मुख्य सचिव भी शामिल होंगे। नक्सल प्रभावित इलाकों में विकास को लेकर क्या रणनीति होगी इसे लेकर प्रजेंटेशन भी दिया जाएगा। दूसरे दिन 19 को मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक होगी।






