अंबिकापुर में बदहाल सड़कों पर महापौर का फूटा गुस्सा, NH अधिकारियों को लगाई फटकार, सड़क व्यवस्था पर उठाए सवाल

जनता ने चुना है, जवाब देना पड़ेगा
महापौर ने कहा कि शहर की जनता उन्हें चुनकर लाई है और टैक्स भी देते हैं, इसलिए खराब सड़कों को लेकर सवाल पूछना उनका अधिकार है। उन्होंने कहा कि लगातार शिकायतों के बावजूद NH विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
NH अधिकारियों पर गंभीर आरोप
मंजूषा भगत ने NH विभाग के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी इतने ढीठ हो चुके हैं कि वे जनप्रतिनिधियों की बात तक नहीं सुन रहे। उन्होंने दावा किया कि क्षेत्र के सांसद कई बार फोन कर चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी सड़क सुधार को लेकर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा। महापौर ने यह भी कहा कि वे खुद NH के कार्यपालन अभियंता (EE) से परेशान हो चुकी हैं और अब जनता की समस्या को लेकर सख्त रुख अपनाना जरूरी हो गया है।
VIP दौरे पर रातों-रात सड़क बनती है
महापौर ने राजनीतिक कार्यक्रमों और नेताओं के दौरे के समय सड़कों की जल्दबाजी में होने वाली मरम्मत पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब बड़े नेताओं का आगमन होता है तो रातों-रात सड़कें दुरुस्त कर दी जाती हैं, लेकिन आम जनता के लिए वही काम महीनों तक लंबित रहता है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि “कोई भी सरकार आए, यही व्यवस्था देखने को मिलती है।”
बरसात से पहले बढ़ी चिंता
शहर में कई जगह सड़कें गड्ढ़ों में तब्दील हो चुकी हैं, ऐसे में बरसात शुरु होने से पहले मरम्मत नहीं होने पर हालात और खराब होने की आंशका है। महापौर के इस सख्त बयान के बाद अब NH विभाग पर कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।






