खाद माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा : कई ठिकानों पर छापेमारी, भारी मात्रा में उर्वरक जब्त, किसानों के हित में सख्त निगरानी जारी

बिलासपुर। जिले में खाद की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कृषि विभाग और प्रशासनिक टीम ने संयुक्त रूप से मल्हार, सेन्दरी सहित विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में उर्वरक जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर नियमों के विपरीत खाद का भंडारण पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया शुरू की गई है।
जांच में मिले अनियमितता के संकेत
अधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर उर्वरकों की गुणवत्ता को लेकर भी संदेह सामने आया। ऐसे मामलों में नमूने एकत्र कर जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने तक संबंधित खाद को जब्त कर सुरक्षित रखा गया है। यदि उर्वरक अमानक पाया जाता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों के हित में लगातार निगरानी
प्रशासन का कहना है कि खेती के सीजन में किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में लगातार निगरानी रखी जा रही है। किसी भी तरह की जमाखोरी या मुनाफाखोरी को रोका जा सके।
खाद की उपलब्धता को लेकर विभाग का दावा
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद और बीज का पर्याप्त भंडार मौजूद है। किसानों को आवश्यक उर्वरक की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद खरीदें और किसी भी अनियमितता की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।







