रायगढ़

Raigarh Flood News : गंगरेल और हीराकुंड से छोड़े गए पानी के बाद महानदी उफान पर, पुसौर-बरमकेला के कई गांवों में बाढ़ का खतरा

Advertisement
Advertisement
Advertisement

रायगढ़, 1 अगस्त। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही भारी बारिश और गंगरेल बांध से पानी छोड़े जाने के बाद रायगढ़ जिले से होकर बहने वाली महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। पुसौर और बरमकेला क्षेत्र के कई गांवों में बाढ़ का पानी पहुंच चुका है, जबकि सरिया के पास स्थित प्रसिद्ध पोरथ शिव मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है।

कई गांवों तक पहुंचा बाढ़ का पानी

महानदी में अचानक आई तेजी के कारण पुसौर विकासखंड के लिप्ती, सूरजगढ़, नदीगांव, पोरथ, बोरिदा, रानीडीही, तोरा, ठेंगागुड़ी, मोहंदी, कोर्रा, रेबो, चंघोरी, बाराडोली, परसापाली, खफरापाली और सूरसी सहित कई गांव प्रभावित हुए हैं। निचले इलाकों में पानी भरने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है।

पोरथ का प्राचीन शिव मंदिर जलमग्न

बढ़ते जलस्तर के चलते पोरथ स्थित प्राचीन शिव मंदिर चारों ओर से पानी से घिर गया है। मंदिर का दृश्य देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलमग्न क्षेत्रों के पास भीड़ न लगाने तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

हीराकुंड डेम के 12 गेट खोले गए

भारी वर्षा के कारण ओडिशा स्थित हीराकुंड बांध से 12 गेट खोलकर पानी छोड़ा गया है। इसके प्रभाव से महानदी में जलस्तर बढ़ा है। अधिकारियों के अनुसार आने वाले घंटों में नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आवश्यकता अनुसार राहत एवं बचाव की व्यवस्था तैयार रखी गई है।

प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

जिला प्रशासन ने महानदी के तटवर्ती गांवों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। यदि जलस्तर और बढ़ता है तो प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। राहत दल, नाव और अन्य आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा गया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button