छत्तीसगढ़

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को आएंगे छत्तीसगढ़, एम्स दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

Advertisement

रायपुर। भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन के 2 सितंबर को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में राज्य स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित कर उपराष्ट्रपति के प्रवास की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

रायपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल

उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन 2 सितंबर को रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। उनके प्रवास को लेकर एयरपोर्ट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा और प्रोटोकॉल के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

सुरक्षा और प्रोटोकॉल पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव विकासशील ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के दौरान एंट्री और एग्जिट प्लान को बेहतर समन्वय के साथ अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए।

एयरपोर्ट और एम्स में स्वागत व्यवस्था

मुख्य सचिव ने रायपुर कलेक्टर को एयरपोर्ट पर स्वागत व्यवस्था, रिसेप्शन लाइन तथा एम्स में रिसेप्शन सहित अन्य प्रोटोकॉल संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट और कार्यक्रम स्थल पर पुलिस की पर्याप्त तैनाती तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी पुख्ता करने को कहा गया।

चिकित्सा और विद्युत व्यवस्था की समीक्षा

उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान सुरक्षा के साथ चिकित्सा सुविधाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने गृह विभाग को आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश एवं विद्युत व्यवस्था तथा आकस्मिक चिकित्सा सहायता की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक व्यवस्था प्रोटोकॉल के अनुसार होगी

दीक्षांत समारोह में बैठक व्यवस्था भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल और प्राप्त डायस प्लान के अनुसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम के प्रारंभ में वंदे मातरम् और राष्ट्रगान सहित निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया।

एम्स प्रबंधन को भी दिए निर्देश

मुख्य सचिव ने एम्स रायपुर के प्रबंधन एवं अधिकारियों को दीक्षांत समारोह से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया, ताकि उपराष्ट्रपति के प्रवास के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव अविनाश चंपावत, मुख्यमंत्री के सचिव मुकेश कुमार बंसल, रायपुर कमिश्नर श्याम धावड़े, सुशासन एवं अभिसरण विभाग के संयुक्त सचिव मयंक अग्रवाल, सामान्य प्रशासन विभाग की उप सचिव अंशिका पांडेय, रायपुर कलेक्टर, आईजी रायपुर, एम्स रायपुर के चिकित्सा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button