
रायगढ़। आईपीएल 2026 के दौरान ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने के मामले में करीब चार महीने से फरार चल रहे मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल सहित उसके दो साथियों को चक्रधरनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सानू बेरीवाल (32), मोहित संथालिया (19) और विजय कुमार देवांगन (43) के रूप में हुई है।
आईपीएल मैच में सट्टा खिलाने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आईपीएल 2026 के दौरान 9 अप्रैल को साइबर थाना एवं चक्रधरनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बोईरदादर शालिनी स्कूल रोड स्थित गुरुकृपा प्रोविजन स्टोर में दबिश दी थी। यहां पंकज जयसिंह और जयदेव मित्रा को KKR और LSG के बीच खेले जा रहे मैच में मोबाइल के जरिए हार-जीत पर दांव लगवाते पकड़ा गया था।
पूछताछ में दोनों ने मुख्य खाईवाल सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टा संचालित करने और सट्टे की रकम का UPI के जरिए लेन-देन करने की जानकारी पुलिस को दी थी।
दूसरे मामले में भी सामने आया था सानू का नाम
10 अप्रैल को पुलिस ने पंचवटी नगर बोईरदादर निवासी कशिश बलानी को CSK और DC के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते पकड़ा था। पूछताछ में उसने भी सानू बेरीवाल के लिए क्रिकेट सट्टा संचालित करने और रकम के लेन-देन में शामिल होने की बात बताई थी।
दोनों मामलों में थाना चक्रधरनगर में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 एवं धारा 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
चार मोबाइल फोन जब्त
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। 21 अगस्त को तीनों आरोपियों के मिलने पर उन्हें थाना बुलाकर पूछताछ की गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपियों ने मामले में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने सानू बेरीवाल से दो मोटोरोला मोबाइल, मोहित संथालिया से एक सैमसंग मोबाइल और विजय कुमार देवांगन से एक सैमसंग मोबाइल, कुल चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एडिशनल एसपी अनिल सोनी, सीएसपी मयंक मिश्रा और साइबर डीएसपी रोहन शुक्ला के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, साइबर थाना प्रभारी विजय चेलक, उप निरीक्षक गेंद लाल साहू, एएसआई आशीष रात्रे सहित साइबर सेल और चक्रधरनगर थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी ने कहा—अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को नहीं बख्शेंगे
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सट्टा-जुआ और ऑनलाइन सट्टे के नेटवर्क से जुड़े आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। ‘ऑपरेशन क्लीन हंट’ के तहत फरार आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






