शिक्षा और सामाजिक एकता से कंवर समाज की नई पीढ़ी का भविष्य होगा उज्ज्वल : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। किसी भी समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यह हम सभी की साझा जिम्मेदारी है।
कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के प्रदेश अध्यक्ष सहित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ दिलाई।
शिक्षा, संस्कार और सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कंवर समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। संत गहिरा गुरु जैसे महान संतों और समाज के पुरोधाओं ने शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। इसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज द्वारा सौंपा गया दायित्व समाज को आगे ले जाने का अवसर है। सभी पदाधिकारी निष्ठा, समर्पण और सामूहिक भावना के साथ समाज के शैक्षणिक, सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए कार्य करें। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।
निर्विरोध निर्वाचन को बताया समाज की एकता का प्रमाण
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कंवर समाज के पदाधिकारियों का पूरा निर्वाचन निर्विरोध और सर्वसम्मति से संपन्न होना समाज की एकता और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। समाज की यही एकजुटता उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसे आने वाली पीढ़ियों तक और मजबूत बनाकर पहुंचाना होगा।
पुरोधाओं के प्रयासों को किया याद
मुख्यमंत्री ने स्मरण किया कि एक समय कंवर समाज अलग-अलग इकाइयों में बंटा हुआ था, लेकिन वरिष्ठजनों और समाज के पुरोधाओं के प्रयासों से सभी को एक सूत्र में जोड़ा गया। उन्होंने महाराष्ट्र से आए कंवर समाज के प्रतिनिधियों और सगा-बंधुओं का भी छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रकृति शक्ति तथा कंवर समाज के पुरोधाओं को नमन किया। इस अवसर पर समाज के युवक-युवतियों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज के सर्वांगीण विकास का संदेश दिया गया।






