शिक्षक संघर्ष मोर्चा आज निकालेगा रैली, पांच सूत्रीय मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट में सौंपेंगे ज्ञापन

रायगढ़। शिक्षक संवर्ग की विभिन्न समस्याओं के त्वरित निराकरण और लंबित मांगों की पूर्ति को लेकर छत्तीसगढ़ शिक्षक संघर्ष मोर्चा आज रायगढ़ में रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचेगा। प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री एवं विभागीय उच्चाधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपकर शिक्षक हितों से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की जाएगी।
मिनी स्टेडियम से कलेक्ट्रेट तक निकलेगी रैली
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के अनुसार रायगढ़ जिले के शिक्षक-शिक्षिकाएं शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में एकत्रित होंगे। यहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। मोर्चा पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों से निर्धारित समय पर पहुंचकर आंदोलन में सहभागिता की अपील की है।
टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने की मांग
मोर्चा की पहली प्रमुख मांग छत्तीसगढ़ राजपत्र शिक्षक पंचायत संवर्ग भर्ती एवं सेवा की शर्तें नियम, 17 अगस्त 2012 के तहत शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) से संबंधित है। संगठन ने पूर्व में नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी की अनिवार्यता समाप्त कर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति देने की मांग की है। वहीं 17 अगस्त 2012 के बाद सेवारत शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई है।
पूर्व सेवा अवधि को पेंशन में जोड़ने की मांग
दूसरी मांग में शिक्षकों की पूर्व सेवा अवधि की गणना पूर्ण पेंशन के लिए किए जाने की मांग शामिल है। मोर्चा का कहना है कि पूर्व सेवा अवधि का लाभ शिक्षकों को पेंशन निर्धारण में मिलना चाहिए।
वेतन विसंगति दूर करने की मांग
तीसरी मांग के तहत शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने और केंद्रीय वेतनमान के आधार पर छत्तीसगढ़ के शिक्षकों का वेतन निर्धारण करने की मांग की गई है।
भर्ती एवं पदोन्नति नियम निरस्त करने की मांग
चौथी मांग में 13 फरवरी 2026 के नए भर्ती एवं पदोन्नति नियम को विसंगतियुक्त बताते हुए उसे निरस्त करने की मांग की गई है। वहीं पांचवीं मांग में प्रशिक्षित सहायक शिक्षक, शिक्षक एवं व्याख्याताओं के लिए बीएड हेतु विभागीय ब्रिज कोर्स आयोजित कराने की मांग रखी गई है।
प्रशासन को दी आंदोलन की सूचना
शिक्षक संघर्ष मोर्चा के जिला संचालक नेतराम साहू, राजकमल पटेल, भोजराम पटेल एवं अन्य पदाधिकारियों ने रैली और आंदोलन की जानकारी रायगढ़ कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, अनुविभागीय अधिकारी रायगढ़ सहित चक्रधर नगर थाना को दी है।
दोपहर 2 बजे तक मिनी स्टेडियम पहुंचने की अपील
टीचर्स एसोसिएशन के जिला संचालक नेतराम साहू, संयुक्त शिक्षक संघ के राजकमल पटेल एवं शालेय शिक्षक संघ के भोजराम पटेल ने जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से दोपहर 2 बजे तक शहीद कर्नल विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम पहुंचने की अपील की है। उन्होंने शिक्षकों से अपने जायज हक और मांगों के समर्थन में रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।






