रायगढ़

ग्राम पंचायत छपोरा में विधायक ओपी चौधरी का आत्मीय स्वागत, विकास कार्यों का किया शुभारंभ

Advertisement

फूलों की वर्षा कर ग्रामीणों ने किया स्वागत

रायगढ़। ग्राम पंचायत छपोरा में विधायक एवं मंत्री ओपी चौधरी के पहुंचने पर ग्रामीणों ने उत्साह और आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया। गांव में प्रवेश करते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण विधायक के स्वागत के लिए उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने फूलों की वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से स्वागत करते हुए अपनी आत्मीयता प्रकट की। विधायक ओपी चौधरी ने भी मुस्कुराते हुए ग्रामीणों का अभिवादन स्वीकार किया।

नवनिर्मित शेड में हुआ शिलालेख का अनावरण

कार्यक्रम के दौरान विधायक ओपी चौधरी ने ग्राम प्रतिनिधियों और महिलाओं की मौजूदगी में नवनिर्मित शेड के नीचे शिलालेख का अनावरण किया। उन्होंने पुष्प अर्पित कर दीप प्रज्ज्वलित किया और विभिन्न जनहितकारी विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

शेड, पानी टंकी, मंगल भवन और आंगनबाड़ी भवन को मिली सौगात

ग्राम में किए जा रहे विकास कार्यों में नवनिर्मित शेड, शिव मंदिर के समीप आरसीसी पानी टंकी, मंगल भवन तथा आंगनबाड़ी भवन सहित अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों का विधिवत शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।

भगवान कृष्ण के जीवन से सीख लेने का दिया संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ओपी चौधरी ने उपस्थित ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के जीवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जीवन अनेक संघर्षों और चुनौतियों से भरा रहा। उनका जन्म जेल में हुआ, माता से अलग होना पड़ा और अनेक विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद उनके चेहरे पर मुस्कान बनी रही।

विधायक ने कहा कि भगवान कृष्ण ने परिस्थितियों को दोष देने के बजाय उनका सामना करते हुए समाधान का मार्ग चुना। उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर सरकार भी चुनौतियों के बीच विकास को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।

विकास कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा करने ग्रामीणों से अपील

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। छोटे से छोटे और बड़े से बड़े कार्य को पूरी गंभीरता और प्रतिबद्धता के साथ पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की स्वयं समीक्षा करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अपनी बात जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की।

कलेक्टर की नौकरी छोड़ राजनीति में आने का बताया उद्देश्य

अपने संबोधन में विधायक ने कलेक्टर पद से त्यागपत्र देने के निर्णय का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रशासनिक सेवा में कलेक्टर की कुर्सी हासिल करने के लिए कितनी प्रतिस्पर्धा होती है, यह सभी जानते हैं। इसके बावजूद उन्होंने वह पद इसलिए छोड़ा, क्योंकि वे राजनीति के माध्यम से आम लोगों के जीवन में व्यापक बदलाव लाना चाहते थे।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है और विकास की प्रक्रिया को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कृष्ण की वेशभूषा में नन्हे बच्चे ने खींचा आकर्षण

कार्यक्रम के दौरान श्रीकृष्ण की वेशभूषा में सजा एक नन्हा बच्चा विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। उसकी मनमोहक प्रस्तुति और कृष्ण स्वरूप ने पूरे आयोजन में भक्ति एवं उत्सव का माहौल बना दिया। जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button