रायगढ़

जनदर्शन में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने सुनीं लोगों की समस्याएं

Advertisement

विभिन्न मांगों और शिकायतों पर अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश

रायगढ़। जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं और मांगें सुनीं। कलेक्टर ने लोगों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

गेरवानी में जनऔषधि केंद्र खोलने की मांग

ग्राम गेरवानी निवासी दुखनाशन भोय ने बताया कि क्षेत्र औद्योगिक होने के कारण यहां बड़ी संख्या में मजदूर परिवार निवास करते हैं। इनमें कई परिवार आर्थिक रूप से कमजोर हैं और महंगी दवाइयां खरीदना उनके लिए मुश्किल होता है। उन्होंने ग्रामीणों की सुविधा को देखते हुए गांव में प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्र खोलने की अनुमति देने का आवेदन दिया। कलेक्टर ने मामले में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को शीघ्र आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

स्कूल में शिक्षक व्यवस्था का मामला

तमनार विकासखंड के प्राथमिक शाला ढेगुरचुआं की शाला विकास समिति के अध्यक्ष ने विद्यालय में शिक्षक व्यवस्था की मांग रखी। उन्होंने बताया कि स्कूल में दो शिक्षक पदस्थ हैं, लेकिन इनमें से एक शिक्षिका के बिना सूचना अनुपस्थित रहने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

कौहाकुंडा में कथित अवैध निर्माण की शिकायत

रायगढ़ की सिंधी कॉलोनी निवासी दौलतराम उर्फ दयाराम ने कौहाकुंडा में कथित अवैध निर्माण को लेकर शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने आरोप लगाया कि आवश्यक अनुमति और नियमों का पालन किए बिना निर्माण कराया जा रहा है तथा हाउसिंग बोर्ड की भूमि पर कब्जे की स्थिति है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।

बारिश में मकान ढहने पर मुआवजे की मांग

पुसौर तहसील के ग्राम सूरजगढ़ निवासी ओमप्रकाश निषाद ने बताया कि अगस्त माह में हुई बारिश के कारण उनका मकान पूरी तरह ढह गया। हादसे में घर में रखा घरेलू सामान और अनाज भी नष्ट हो गया। उन्होंने आर्थिक सहायता एवं नियमानुसार मुआवजा दिलाने का अनुरोध कलेक्टर से किया।

भरण-पोषण के लिए सहायता का आवेदन

श्रीमती सुलोचना महंत ने अपने और बच्चों के भरण-पोषण के लिए सहायता राशि उपलब्ध कराने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि उनके पति शासकीय सेवा में हैं और बिना तलाक लिए दूसरी शादी कर चुके हैं। मामले को सुनने के बाद कलेक्टर ने संबंधित एसडीएम को नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अन्य नागरिकों ने भी रखीं समस्याएं

जनदर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अन्य नागरिकों ने भी अपनी मांगों और शिकायतों से संबंधित आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच करते हुए पात्रता और नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button