छत्तीसगढ़ में बढ़ रहा H1N1 संक्रमण, 24 नए मरीज मिले; सक्रिय मामलों की संख्या 108

रायपुर में सबसे ज्यादा 8 नए केस, राजनांदगांव में 6 और बिलासपुर में 5 मरीजों की पुष्टि
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में एक दिन में 24 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इसके साथ ही सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर 108 हो गई है।
87 मरीज अस्पताल में भर्ती
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्तमान में संक्रमित 108 सक्रिय मरीजों में से 87 का इलाज अस्पतालों में चल रहा है, जबकि 21 मरीजों को घर पर रखकर उपचार दिया जा रहा है।
जनवरी 2026 से अब तक प्रदेश में कुल 454 H1N1 संक्रमित मरीज सामने आ चुके हैं। इनमें अन्य राज्यों से संबंधित 12 मरीज भी शामिल हैं।
रायपुर में सबसे अधिक नए मामले
नए मामलों में रायपुर जिले में सबसे ज्यादा संक्रमण दर्ज किया गया है। मंगलवार को यहां 8 नए मरीज मिले। इसके बाद राजनांदगांव में 6, बिलासपुर में 5 और रायगढ़ में 3 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
इसके अलावा बालोद और जशपुर जिले में भी एक-एक नए संक्रमित मरीज की पुष्टि हुई है।
52 सैंपल की जांच, 24 रिपोर्ट पॉजिटिव
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेशभर में 52 संदिग्ध मरीजों के नमूनों की जांच की गई। इनमें से 24 नमूनों की रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई। नए मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग संक्रमण की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है।






