चक्रधर समारोह के चौथे दिन कलाकारों ने बांधा समां, ओ.पी. चौधरी ने दर्शक दीर्घा में बैठकर लिया प्रस्तुतियों का आनंद

ओडिसी नृत्य से लेकर बस्तर के लोकनृत्य तक दिखी कला-संस्कृति की विविध छटा
रायगढ़। अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त चक्रधर समारोह के चौथे दिन कला और संस्कृति के विविध रंग देखने को मिले। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी भी समारोह में शामिल हुए। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर कलाकारों की प्रस्तुतियां देखीं और कार्यक्रम का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने कलाकारों को सम्मानित भी किया।
जाह्नवी बेहरा की ओडिसी प्रस्तुति ने मोहा मन
समारोह की शाम में विभिन्न कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। जाह्नवी बेहरा ने ओडिसी नृत्य की प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना बटोरी। उनकी प्रस्तुति में शास्त्रीय नृत्य की भाव-भंगिमाओं और लय का सुंदर समन्वय देखने को मिला।
बेंगलुरु और बस्तर की प्रस्तुतियों ने बढ़ाई रंगत
कार्यक्रम में बेंगलुरु की शिवरंजनी हरीश ने भी अपनी प्रस्तुति दी। इसके साथ ही बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट्स एंड लिटरेचर के ‘बादल’ दल ने प्रस्तुति देकर बस्तर की लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत की।
चक्रधर समारोह के चौथे दिन देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने मंच को विविध कलाओं से समृद्ध किया। कार्यक्रम के दौरान दर्शकों में भी कलाकारों की प्रस्तुतियों को लेकर उत्साह नजर आया।
कलाकारों का किया गया सम्मान
समारोह में शामिल कलाकारों की प्रस्तुतियों के बाद उन्हें सम्मानित किया गया। आयोजन के माध्यम से शास्त्रीय नृत्य, लोककला और देश की विभिन्न सांस्कृतिक परंपराओं को एक मंच पर प्रस्तुत करने का सिलसिला जारी रहा।






