प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर सवा लाख दीपों से जगमगाया महादेव घाट

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खारुन मैया की महाआरती में लिया हिस्सा, प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर स्थित महादेव घाट का नजारा श्रद्धा और आस्था से भर उठा। खारुन नदी के तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में सवा लाख दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से महादेव घाट का पूरा परिसर जगमगा उठा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और सफल जीवन की मंगलकामना की। इस दौरान खारुन मैया की विधिवत भव्य महाआरती भी की गई।
दीपों की रोशनी में दिखा श्रद्धा और जनभागीदारी का संगम
महादेव घाट पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच सवा लाख दीप प्रज्वलित किए गए। एक साथ जलाए गए दीपों ने पूरे घाट को रोशनी से भर दिया। आयोजन में श्रद्धा, आस्था और जनभागीदारी का विशेष संगम देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के योगदान को किया रेखांकित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा और जनसेवा के लिए समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश ने विकास, जनकल्याण और राष्ट्रीय स्वाभिमान के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों की सेवा के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं और उनके नेतृत्व में भारत विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह का प्रतीक बताए दीप
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि खारुन मैया के पावन तट पर जलाए गए सवा लाख दीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति छत्तीसगढ़वासियों के स्नेह, आत्मीयता और शुभकामनाओं की अभिव्यक्ति हैं।
उन्होंने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बधाई दी और उनके स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की।






