India-US Relations: राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने अमेरिकी सीनेटर से की मुलाकात, ऊर्जा सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर चर्चा

भारत-अमेरिका साझेदारी मजबूत करने और किफायती ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने पर हुआ मंथन
वाशिंगटन, 4 अक्टूबर। अमेरिका में भारत के राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने मैरीलैंड की सीनेटर एंजेला ऑल्सोब्रुक से मुलाकात की। इस दौरान दोनों के बीच भारत-अमेरिका द्विपक्षीय साझेदारी को और मजबूत करने, ऊर्जा सहयोग बढ़ाने तथा भारतीय नागरिकों के लिए किफायती और निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।
रूस-ईरान प्रतिबंध कानून के बीच हुई अहम बैठक
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब अमेरिका में ‘रूस एवं ईरान प्रतिबंध अधिनियम’ को लेकर भारत की चिंताएं सामने आ रही हैं। प्रस्तावित कानून के तहत अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले कुछ देशों पर 100 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अधिकार मिल सकता है।
ऐसे में भारत की ऊर्जा सुरक्षा और किफायती ईंधन आपूर्ति से जुड़े मुद्दे दोनों देशों के बीच चर्चा के महत्वपूर्ण विषय बने हुए हैं।
ऊर्जा सहयोग बढ़ाने पर दिया जोर
क्वात्रा ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि सीनेटर एंजेला ऑल्सोब्रुक के साथ उनकी शानदार मुलाकात हुई। बैठक में भारत-अमेरिका द्विपक्षीय साझेदारी को मजबूत करने, बढ़ते ऊर्जा सहयोग और भारत की ऊर्जा सुरक्षा से जुड़ी प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।
प्रवासी भारतीयों के योगदान का किया उल्लेख
भारतीय राजदूत ने मैरीलैंड के साथ भारत के संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी भारतीय समुदाय के योगदान को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीय दोनों देशों के बीच सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।





