छत्तीसगढ़

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर रायपुर पहुंचीं, शुक्रवार को मुरिया दरबार में होंगी शामिल

Advertisement

रायपुर में 200 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट करेंगी जारी, इनडोर स्टेडियम में सेवा सम्मान पर्व में लेंगी हिस्सा

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर राजधानी रायपुर पहुंचीं। रायपुर एयरपोर्ट पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति का काफिला लोक भवन के लिए रवाना हुआ। उनके आगमन के साथ ही प्रदेश में दो दिवसीय प्रवास की शुरुआत हो गई।

राष्ट्रपति दौरे के पहले दिन रायपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी। वहीं, शुक्रवार को वे जगदलपुर पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में हिस्सा लेंगी और लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।

माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती पर जारी होगा स्मारक सिक्का

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शदाणी दरबार की पंचम पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में शामिल होंगी। इस दौरान उनके हाथों 200 रुपये का स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया जाएगा।

जानकारी के अनुसार, स्मारक सिक्के का वजन करीब 35 ग्राम है। इसे चांदी, तांबे और निकल के मिश्रण से तैयार किया गया है। सिक्के और डाक टिकट के विमोचन को लेकर कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इनडोर स्टेडियम में सेवा सम्मान पर्व में लेंगी हिस्सा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति दोपहर 3 बजे रायपुर के इनडोर स्टेडियम में आयोजित सेवा सम्मान पर्व में शामिल होंगी। इसके अलावा गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर में उनके दर्शन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।

राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनके कार्यक्रम स्थलों और आवागमन वाले मार्गों पर विशेष इंतजाम किए गए हैं। संबंधित विभागों को व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

शुक्रवार को जगदलपुर में मुरिया दरबार में होंगी शामिल

छत्तीसगढ़ प्रवास के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जगदलपुर पहुंचेंगी। यहां वे बस्तर दशहरा की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक परंपरा मुरिया दरबार में शामिल होंगी। इसका आयोजन सिरहासार भवन में किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रपति लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है।

वन मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का लिया जायजा

राष्ट्रपति के जगदलपुर प्रवास से पहले वन मंत्री केदार कश्यप ने लालबाग मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच निर्माण, लोगों के बैठने की व्यवस्था, अतिथियों के लिए निर्धारित स्थान, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन सहित आम नागरिकों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button