जांच के नाम पर पुलिस द्वारा व्यापारियों को परेशान किया जाना अनुचित:-उमेश अग्रवाल

सिंहघोष/रायगढ़-16.10.23- जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर जांच के नाम पर व्यापारियों का भयादोहन किए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। आचार संहिता लगने के बाद छोटे व्यापारियों द्वारा तगादे की नगद राशि लाने-लेजाने की जगह-जगह सघन जांच की जा रही है एवम राशि की जब्ती बनाकर उन्हें संबंधित थाने में नाहक की परेशान किया जा रहा है।
पुलिस द्वारा जांच के नाम पर छोटे व्यापारियों का भयादोहन किए जाने का जिला भाजपा अध्यक्ष ने पुरजोर विरोध किया है एवम छोटे मोटे लेनदेन की राशि मिलने पर ऐसे मामलो की तत्काल निराकरण किए जाने की बात कही है। वर्षा ऋतु के दौरान चार माह तक व्यापार,व्यवसाय कमजोर रहता है दीपावली में बड़े त्यौहार के मद्देनजर बाजार में ग्राहकों की आवाजाही गहमा गहमी बढ़ जाती है। त्योहार एवम शादी विवाह की वजह से भी बाजार में नगद लेनदेन में बढ़ोतरी होती है आस-पास के क्षेत्र से तगादा एवम मजदूरी भुगतान हेतु भी नगद राशि लाने ले जाने की विवशता होती है ऐसे में हर जगह पुलिस जांच के नाम पर नगद की जब्ती किया जाना नाहक परेशान किए जाने जैसा कदम है। जिला भाजपा अध्यक्ष उमेश अग्रवाल ने व्यापारियों से आग्रह किया है कि वे किसी भी दबाव में नही झुके भाजपा उनके साथ खड़ी है हर अन्याय का प्रतिकार किया जायेगा।