रायगढ़

Har Ghar Tiranga : 200 फीट लंबे तिरंगे के साथ निकली भव्य यात्रा, रिमझिम बारिश में देशभक्ति से सराबोर हुआ रायगढ़

Advertisement

रायगढ़। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत रायगढ़ जिला मुख्यालय में रिमझिम बारिश के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी भी यात्रा में शामिल हुए। करीब 200 फीट लंबे विशाल तिरंगे के साथ निकली यात्रा में बच्चों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों सहित शहर के विभिन्न वर्गों के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर

नटवर स्कूल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा बेटी बचाओ चौक, सुभाष चौक और अग्रसेन चौक होते हुए सिदूर पार्क (इतवारी बाजार) पहुंची। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष गूंजते रहे। शहरवासियों ने जगह-जगह यात्रा का स्वागत किया। ओवरब्रिज से पुष्पवर्षा कर तिरंगा यात्रा का अभिनंदन किया गया, वहीं प्रतिभागियों के लिए जूस वितरण की व्यवस्था भी की गई।

राष्ट्रनायकों के स्वरूप में नजर आए विद्यार्थी

यात्रा में स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में तिरंगा और देशभक्ति संदेशों वाली तख्तियां लेकर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ महतारी, भारत माता, रवींद्रनाथ टैगोर, झांसी की रानी और भगत सिंह सहित राष्ट्रनायकों के स्वरूप धारण कर यात्रा को आकर्षक बनाया।

बाजे-गाजे और देशभक्ति गीतों के बीच नागरिक उत्साह से कदम से कदम मिलाकर चलते रहे। रिमझिम बारिश भी लोगों के उत्साह को कम नहीं कर सकी।

वित्त मंत्री ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन

सिदूर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए योगदान देने वाले वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया और स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की।

उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ एवं ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के अवसर पर लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ सेल्फी बूथ पर फोटो भी खिंचाई।

युवाओं की जिम्मेदारी बढ़ी : ओ.पी. चौधरी

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और विश्व में देश का सम्मान बढ़ा है। बदलते वैश्विक परिदृश्य में भारत की भूमिका मजबूत हुई है, लेकिन नई चुनौतियां भी सामने हैं। ऐसे समय में विशेषकर युवाओं की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ जाती है।

उन्होंने युवाओं से स्वयं को मजबूत बनाने तथा अपनी ऊर्जा, क्षमता और प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता और सुरक्षा के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

तिरंगा देश के गौरव और संकल्प का प्रतीक

ओ.पी. चौधरी ने कहा कि तिरंगा उन वीर जवानों और शहीदों के बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। राष्ट्रध्वज केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और संकल्प का प्रतीक है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

मंचीय कार्यक्रम में स्कूली एवं महाविद्यालयीन विद्यार्थियों ने कथक सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं देशभक्ति प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया गया।

वित्त मंत्री ने प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप 5-5 हजार रुपये देने की घोषणा की।

17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान

रायगढ़ जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। इस वर्ष अभियान की थीम ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता, वंदे मातरम्’ रखी गई है।

अभियान के तहत नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने तथा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक एवं व्यक्तिगत गायन के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जिले में तिरंगा वितरण के साथ विभिन्न देशभक्ति एवं जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक रहे मौजूद

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल, खरसिया नगर पालिका अध्यक्ष कमल गर्ग, सभापति डिग्रीलाल साहू सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button