मार्च 2027 तक छत्तीसगढ़ के 5 लाख घरों में लगेंगे सोलर पैनल: मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है और छत्तीसगढ़ अपनी सौर क्षमता का उपयोग करते हुए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने मार्च 2027 तक 5 लाख घरों में सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सौर ऊर्जा के विस्तार को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ सोलर वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘संवाद’ कार्यक्रम के समापन समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े उद्योगों, वेंडर्स, बैंकिंग संस्थाओं, महिला स्व-सहायता समूहों और अन्य हितधारकों को एक मंच पर लाने वाला यह अपनी तरह का पहला बड़ा आयोजन है।
30 हजार मेगावाट बिजली उत्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में पहले से मजबूत स्थिति में है। वर्तमान में प्रदेश में करीब 30 हजार मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 3.50 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनसे भविष्य में करीब 30 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली उत्पादन क्षमता विकसित होने की संभावना है।
4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना है। प्रदेश में आने वाले समय में 4 हजार मेगावाट ग्रीन एनर्जी उत्पादन का लक्ष्य रखा गया है।
2070 तक नेट जीरो के संकल्प में योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वच्छ और ग्रीन एनर्जी के अधिकतम उपयोग पर जोर दे रहे हैं। सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भारत ने 2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन का लक्ष्य रखा है। इस राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में छत्तीसगढ़ भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।






