नई रेत नीति के तहत रायगढ़ में पांच रेतघाटों की ऑनलाइन नीलामी शुरू

रायगढ़। नई रेत नीति के लागू होने के बाद रायगढ़ जिले में पांच रेतघाटों की नीलामी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इन रेतघाटों की फाइलें एमएसटीसी पोर्टल पर अपलोड कर दी गई हैं। पहले चरण में यह पांच रेतघाट ऑनलाइन नीलामी के लिए पेश किए गए हैं, जिनके लिए आवेदन 31 अक्टूबर से 6 नवंबर तक किए जा सकेंगे।
पांच साल बाद रायगढ़ को वैध रेत खदानें मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे रेत की किल्लत से निपटने में मदद मिलेगी। छत्तीसगढ़ सरकार ने पुरानी मैन्युअल प्रक्रिया को समाप्त करते हुए पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन करने का निर्णय लिया है। अब रेतघाटों की जानकारी, बोली (बिड) और लॉटरी की प्रक्रिया सबकुछ एमएसटीसी पोर्टल के माध्यम से होगा।
नीलामी में केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी ही भाग ले सकेंगे। नियम के अनुसार, एक बोलीदार को एक जिले में केवल एक और पूरे प्रदेश में कुल पांच रेत खदानें ही मिल सकेंगी।
रायगढ़ जिले से बरभौना (खरसिया), बायसी (धरमजयगढ़), कंचनपुर (घरघोड़ा), लेबड़ा (रायगढ़) और पुसल्दा (छाल) रेतघाटों को इलेक्ट्रॉनिक नीलामी के लिए प्रस्तुत किया गया है। नीलामी रिवर्स ऑक्शन के माध्यम से होगी, जिसमें न्यूनतम बोली लगाने वाले को खदान का आवंटन मिलेगा। अगर एक से अधिक बोलीदार समान राशि डालते हैं, तो लॉटरी के जरिए ही निर्णय होगा। केवल बिडर्स के दस्तावेजों का सत्यापन मैन्युअली किया जाएगा।
एमएसटीसी पोर्टल पर इन पांच रेतघाटों के लिए तकनीकी और वित्तीय बोली 31 अक्टूबर से 6 नवंबर शाम 5.30 बजे तक जमा की जा सकेगी।












