
चौथे वर्ष में प्रवेश, सेवा और भक्ति का होगा भव्य संगम
रायगढ़, 29 जनवरी। रायगढ़ नगर की सामाजिक व धार्मिक संस्था श्री श्याम लखदातार सेवा समिति द्वारा फरवरी माह में बाबा श्याम की निशान यात्रा और भव्य कृतार्थ कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। समिति लगातार चौथे वर्ष इस आयोजन को कर रही है, इससे पहले तीन वर्षों से प्रतिवर्ष कीर्तन का सफल आयोजन हो चुका है।
खाटू श्याम मंदिर में बाबा को दिया गया प्रथम निमंत्रण
आयोजन का प्रथम निमंत्रण राजस्थान के सीकर जिले स्थित प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में बाबा को अर्पित किया गया। समिति के सदस्यों ने मंदिर पहुंचकर बाबा श्याम से सफल आयोजन की प्रार्थना की और नगर में होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों की जानकारी दी।
कीर्तन के साथ होगा पांच जोड़ों का सामूहिक विवाह
समिति के सचिव करण अग्रवाल ने बताया कि बाबा श्याम की कृपा से यह आयोजन निरंतर आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष समिति ने सामाजिक दायित्व निभाते हुए कीर्तन के साथ-साथ पांच विवाह योग्य जोड़ों का सामूहिक विवाह कराने का निर्णय लिया है। विवाह का संपूर्ण खर्च समिति वहन करेगी और नवदंपतियों को उपहार स्वरूप गृहस्थी का आवश्यक सामान भी प्रदान किया जाएगा।
12 फरवरी को निशान यात्रा, 13 को गांधी गंज मैदान में भव्य कीर्तन
आयोजन के तहत 12 फरवरी को नगर में बाबा श्याम की भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 13 फरवरी को गांधी गंज मैदान में कृतार्थ कीर्तन का आयोजन होगा।
देश के प्रसिद्ध भजन प्रवाह करेंगे प्रस्तुति
कीर्तन में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनमें
- सौरभ शर्मा (कोलकाता)
- रेशमी शर्मा (समस्तीपुर)
- शीतल पांडेय (दिल्ली)
शामिल हैं। भजन प्रवाह के माध्यम से बाबा श्याम की महिमा का गुणगान किया जाएगा।
श्याम प्रेमियों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
श्री श्याम लखदातार सेवा समिति ने नगर के सभी श्याम प्रेमियों से निशान यात्रा, कीर्तन एवं सामाजिक विवाह आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। विवाह योग्य जोड़े समिति से संपर्क कर सकते हैं।












