
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चल रही सख्त कार्रवाई
रायगढ़। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना घरघोड़ा पुलिस ने ग्राम टेरम में हुई मकान चोरी की घटना को 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
प्रार्थी की शिकायत पर दर्ज हुआ प्रकरण
प्रार्थी किशन लाल जोल्हे निवासी ग्राम टेरम ने थाना घरघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह अपने परिवार के साथ ईंट निर्माण कार्य के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात आरोपियों ने उसके सूने मकान का ताला तोड़कर टेलीविजन, आयरन, बर्तन सहित अन्य सामान चोरी कर लिया। रिपोर्ट के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर संदेहियों की पहचान कर हिरासत में लिया गया
पुलिस ने जांच के दौरान मुखबिरों को सक्रिय किया, जिसके आधार पर गजेन्द्र सारथी और परमेश्वर राठिया को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने चोरी की घटना को स्वीकार किया।
चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद सामान का किया गया बंटवारा
आरोपियों ने बताया कि उन्होंने 9 फरवरी की रात सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की और सामान को प्लास्टिक बोरी में भरकर रेलवे ट्रैक के रास्ते अपने घर ले गए। वहां उन्होंने चोरी के सामान को आपस में बांट लिया तथा कुछ सामान कबाड़ी को बेचकर राशि खर्च कर दी।
बरामदगी कर आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चोरी गया सामान बरामद किया, जिसमें बैटरी, आयरन और बर्तन शामिल हैं, जिसकी कुल कीमत 9,200 रुपये है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सक्रियता से सफलता, आगे भी सख्त कार्रवाई जारी
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक पारसमणि बेहरा, आरक्षक प्रदीप तिग्गा और भानु चन्द्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के अपराधों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।






