छत्तीसगढ़

एशियन गेम्स में स्वर्ण जीतने वाली संजू देवी को CM साय ने फोन कर दी बधाई

Advertisement

कोरबा की बेटी ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ रचा इतिहास, मुख्यमंत्री ने की उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की निवासी संजू देवी को फोन कर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मीय संवाद करते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की और कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।

‘आपने छत्तीसगढ़ ही नहीं, पूरे देश का नाम रोशन किया’

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से कहा कि उन्होंने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और शानदार खेल प्रदर्शन से छत्तीसगढ़ के साथ पूरे देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि एशियन गेम्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय महिला कबड्डी टीम की स्वर्णिम सफलता देशवासियों के लिए गर्व का क्षण है। इस सफलता में छत्तीसगढ़ की बेटी की भागीदारी प्रदेश के लिए विशेष गौरव की बात है।

बेटियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू देवी

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य का प्रदर्शन कर रही हैं। कोरबा की संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रदेश का मान बढ़ाया है।

उन्होंने कहा कि संजू देवी की सफलता उन हजारों युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देख रहे हैं।

खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर देने पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर अवसर, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों में मौजूद प्रतिभावान खिलाड़ियों को उचित मंच मिले, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

फाइनल में ईरान को हराकर जीता स्वर्ण

उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस सफलता में कोरबा जिले की संजू देवी भी भारतीय राष्ट्रीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य के रूप में शामिल रहीं।

मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने टीम के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि भारतीय खिलाड़ी आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी अपने प्रदर्शन से देश का गौरव बढ़ाते रहेंगे।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button