
जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ पुलिस का सघन अभियान, जूटमिल और चक्रधरनगर क्षेत्र में अलग-अलग दबिश देकर कार्रवाई
रायगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत जिले में अवैध शराब के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में जूटमिल और चक्रधरनगर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में 45 पाव देशी शराब, 35 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा एक स्कूटी जब्त की गई है।
जूटमिल पुलिस की कार्रवाई, स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करते आरोपी को रंगे हाथों पकड़ा गया, 45 पाव शराब जब्त
जूटमिल थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सावित्री नगर रोड स्थित एवीएन होटल के पास एक व्यक्ति स्कूटी से अवैध शराब का परिवहन कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर काले रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG13 AK 7542 को रोका।
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की और थैले से 45 पाव देशी मसाला और प्लेन शराब बरामद की गई। आरोपी ने अपना नाम गौरव कुमार दास उम्र 25 वर्ष निवासी लोहाखान थाना पुसौर बताया। पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को जब्त कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।

चक्रधरनगर पुलिस की जामगांव कोलाईबहाल में दबिश, तीन आरोपियों से 35 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद
चक्रधरनगर थाना पुलिस ने ग्राम जामगांव कोलाईबहाल क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध महुआ शराब के कारोबार का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई में प्रेम कुमार किसान, चंद्रिका प्रसाद सोनवानी और शिवा किसान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने इनके कब्जे से क्रमशः 12 लीटर, 11 लीटर और 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, कुल 35 लीटर शराब जब्त की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस की सख्ती, लगातार चल रहा विशेष अभियान
पुलिस की जांच में यह सामने आया है कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में अवैध शराब का परिवहन और बिक्री नेटवर्क सक्रिय था। पुलिस द्वारा लगातार दबिश देकर इस नेटवर्क पर प्रभावी नियंत्रण की कार्रवाई की जा रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त संदेश, “ऑपरेशन आघात” के तहत अवैध शराब कारोबार पर निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि “ऑपरेशन आघात” के तहत यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी भी तरह की अवैध गतिविधि में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






