Crime News: अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस की कार्रवाई, नाबालिग बालिका ओडिशा से दस्तयाब

दुष्कर्म के आरोप में युवक गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़। अभियान संवेदना के तहत चक्रधरनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लापता 17 वर्षीय नाबालिग बालिका को ओडिशा के सुंदरगढ़ जिले के हिमगीर से दस्तयाब किया है। मामले में पुलिस ने मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
13 अगस्त को घर से लापता हुई थी बालिका
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त 2026 को एक महिला ने थाना चक्रधरनगर में अपनी 17 वर्षीय पुत्री के 13 अगस्त की शाम बिना बताए घर से चले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 440/2026 दर्ज करते हुए धारा 137(2) बीएनएस के तहत जांच शुरू की गई।
हिमगीर में होने की मिली जानकारी
विवेचना के दौरान पुलिस को संदेही मनीष सिदार उर्फ साहिल के साथ बालिका के हिमगीर, ओडिशा में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने हिमगीर पहुंचकर संभावित ठिकाने पर दबिश दी।
हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी और बालिका मोबाइल फोन बंद कर मकान बदल चुके थे। इसके बाद पुलिस ने लगातार पतासाजी जारी रखी।
किराये के मकान से बालिका को किया दस्तयाब
लगातार जांच और तलाश के बाद 2 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने हिमगीर, जिला सुंदरगढ़ स्थित एक किराये के मकान से बालिका को दस्तयाब कर रायगढ़ लाया। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया था।
बालिका का महिला पुलिस अधिकारी के माध्यम से बयान दर्ज कराया गया। इसके अलावा पीड़िता और गवाहों के कथनों के आधार पर मामले की आगे जांच की गई।
दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं
पुलिस जांच में आरोपी पर नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का आरोप सामने आने के बाद प्रकरण में धारा 87 और 64(2)(M) बीएनएस तथा धारा 6 पॉक्सो एक्ट जोड़ी गई।
पुलिस के अनुसार, बालिका की बाल कल्याण समिति (CWC) के माध्यम से काउंसलिंग कराई गई और न्यायालय में उसके कथन की कार्रवाई भी पूरी की गई।
आरोपी न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी मनीष सिदार उर्फ साहिल को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की विवेचना और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी है।






