CSK vs DC: संजू सैमसन की नाबाद 115 रनों की ऐतिहासिक पारी, 400+ छक्कों वाले क्लब में शामिल

चेन्नई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के 18वें लीग मुकाबले में चेन्नई के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले जा रहे मैच में रोमांचक बल्लेबाजी देखने को मिली। मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 2 विकेट खोकर 212 रन बनाए, जिसमें संजू सैमसन की धमाकेदार पारी मुख्य आकर्षण रही।
टीम के स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन ने नाबाद 115 रन की शानदार शतकीय पारी खेली। उन्होंने 56 गेंदों का सामना करते हुए 15 चौके और 4 छक्के लगाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
टी20 क्रिकेट में खास उपलब्धि हासिल
इस पारी के साथ संजू सैमसन ने टी20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। वह भारतीय खिलाड़ियों की सूची में 400 या उससे अधिक छक्के लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि केवल रोहित शर्मा, विराट कोहली और सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज थी।
आंकड़ों के अनुसार, रोहित शर्मा के नाम 554 छक्के, विराट कोहली के करीब 441 और सूर्यकुमार यादव के 442 छक्के दर्ज हैं, जबकि संजू सैमसन अब 401 छक्कों के साथ इस प्रतिष्ठित क्लब में शामिल हो गए हैं।
कोहली के खास रिकॉर्ड की बराबरी
संजू सैमसन ने इस शतक के साथ विराट कोहली के एक विशेष रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है। अब वह उन बल्लेबाजों की सूची में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने टीम के 200+ स्कोर वाले मैचों में सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं।
सैमसन का आईपीएल में चौथा शतक था, जिसमें से तीन बार उनकी टीम का स्कोर 200 या उससे अधिक रहा है। इस सूची में शीर्ष स्थान पर क्रिस गेल और जोस बटलर संयुक्त रूप से मौजूद हैं, जिन्होंने ऐसे मैचों में चार-चार शतक लगाए हैं।
संजू सैमसन की यह पारी आईपीएल के मौजूदा सीजन की सबसे प्रभावशाली पारियों में से एक मानी जा रही है, जिसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।






