1 मई से बदल सकते हैं गैस सिलेंडर के नियम! OTP डिलीवरी अनिवार्य, बुकिंग में बढ़ेगा अंतर

ऑयल कंपनियों की बड़ी तैयारी, कीमत से लेकर डिलीवरी तक बदल सकता है पूरा सिस्टम
नई दिल्ली। देश की प्रमुख ऑयल कंपनियां—इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस—LPG (gas cylinder) से जुड़े नियमों में बड़े बदलाव की तैयारी कर रही हैं। अगर ये प्रस्ताव लागू होते हैं, तो उपभोक्ताओं को बुकिंग से लेकर डिलीवरी तक नई व्यवस्था का सामना करना पड़ सकता है।
हर महीने बदल सकते हैं गैस के दाम
जानकारी के अनुसार, 1 मई से गैस सिलेंडर की कीमतों (LPG price) में हर महीने बदलाव संभव है। हर महीने की पहली तारीख को नए रेट लागू किए जा सकते हैं। इसके साथ ही सिलेंडर बुकिंग के बीच न्यूनतम अंतर 25 दिन करने पर भी विचार किया जा रहा है।
OTP आधारित डिलीवरी होगी अनिवार्य
नई व्यवस्था में OTP आधारित डिलीवरी सिस्टम (OTP delivery system) को स्थायी बनाया जा सकता है। यानी जब गैस सिलेंडर घर पहुंचेगा, तो रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। यह कोड डिलीवरी बॉय को बताने के बाद ही सिलेंडर मिलेगा, जिससे फर्जी डिलीवरी और गड़बड़ी पर रोक लगेगी।
आयात पर बढ़ी निर्भरता, अमेरिका से भी खरीद
कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने के बाद भारत ने LPG के आयात (LPG import) के स्रोत बढ़ा दिए हैं। अब अमेरिका के साथ-साथ नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस से भी गैस खरीदी जा रही है। पहले भारत अपनी लगभग 90% जरूरत खाड़ी देशों—UAE, कतर और सऊदी अरब—से पूरी करता था।
देश में खपत ज्यादा, उत्पादन कम
देश में रोजाना करीब 80 हजार टन LPG की जरूरत है, जबकि उत्पादन लगभग 46 हजार टन प्रतिदिन है। यही वजह है कि आयात पर निर्भरता बनी हुई है। सरकार के मुताबिक अब तक करीब 8 लाख टन LPG का आयात किया जा चुका है और कई जहाजों के जरिए हाल ही में सप्लाई भी पहुंची है।
स्पॉट खरीदारी पर जोर, सप्लाई बनाए रखने की कोशिश
वर्तमान स्थिति को देखते हुए कंपनियां स्पॉट खरीदारी (spot buying) पर जोर दे रही हैं, ताकि जरूरत के हिसाब से तुरंत गैस उपलब्ध कराई जा सके और उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
उपभोक्ताओं को तैयार रहने की सलाह
संभावित बदलावों को देखते हुए उपभोक्ताओं को सलाह दी गई है कि वे अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर अपडेट रखें और नई व्यवस्था के लिए तैयार रहें, ताकि गैस डिलीवरी में किसी तरह की दिक्कत न हो।






