मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर दौरे पर, SING फोरम में छत्तीसगढ़ के निवेश अवसरों को करेंगे प्रस्तुत

विदेश मंत्रालय के नामांकन पर उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का करेंगे नेतृत्व, एमएसएमई, स्टार्टअप, कौशल और हरित विकास पर सहयोग की संभावनाओं पर होगी चर्चा
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 3 से 6 अक्टूबर 2026 तक सिंगापुर के दौरे पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय, भारत सरकार के नामांकन पर मुख्यमंत्री सिंगापुर जाने वाले छत्तीसगढ़ के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। इस दौरान वे सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026 में शामिल होंगे, जहां राज्य की विकास संभावनाओं, निवेश के अवसरों और औद्योगिक क्षमता को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जाएगा।
पहली बार आयोजित हो रहा SING फोरम
SING फोरम 2026 का यह पहला संस्करण है, जिसका आयोजन सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा किया जा रहा है। फोरम में भारत और सिंगापुर के वरिष्ठ सरकारी प्रतिनिधियों के साथ उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधि, कारोबारी और निवेशक शामिल होंगे।
फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने के साथ व्यापार और निवेश के नए अवसरों को बढ़ावा देना है। ऐसे में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल की भागीदारी के जरिए राज्य को अंतरराष्ट्रीय कारोबारी समुदाय के सामने अपनी संभावनाएं रखने का अवसर मिलेगा।
एमएसएमई और स्टार्टअप क्षेत्र में निवेश पर जोर
मुख्यमंत्री साय फोरम में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए एमएसएमई, स्टार्टअप और रोजगारपरक क्षेत्रों में उपलब्ध निवेश संभावनाओं को सामने रखेंगे। प्रतिनिधिमंडल अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और उद्यमियों के साथ राज्य की औद्योगिक क्षमता तथा संभावित सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करेगा।
राज्य की ओर से इस दौरान दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग, निवेश और औद्योगिक साझेदारी की संभावनाओं को लेकर संवाद किए जाने की बात कही गई है।
कौशल विकास और हरित विकास पर भी होगी चर्चा
सिंगापुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री साय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल विभिन्न संस्थानों के साथ बैठकें करेगा। इनमें स्किल सेंटर, मंडई वाइल्डलाइफ रिजर्व और गार्डन्स बाय द बे शामिल हैं।
इन बैठकों में कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग के अलावा वन्यजीव संरक्षण, उद्यानिकी और हरित विकास से जुड़े अनुभवों तथा संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी। राज्य के लिए उपयोगी विशेषज्ञता और अनुभवों को समझने तथा संभावित सहयोग के क्षेत्रों की पहचान पर भी ध्यान रहेगा।
वैश्विक साझेदारों से छत्तीसगढ़ को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने यात्रा को छत्तीसगढ़ के लिए वैश्विक साझेदारों से जुड़ने का अवसर बताया है। उनके अनुसार, राज्य सरकार का प्रयास वैश्विक स्तर पर उपलब्ध विशेषज्ञता, निवेश और नवाचार की संभावनाओं को छत्तीसगढ़ से जोड़ना है, ताकि विकास और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकें।
सिंगापुर दौरे के दौरान राज्य प्रतिनिधिमंडल का फोकस निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, औद्योगिक सहयोग और हरित विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित साझेदारी तलाशने पर रहेगा।






