चक्रवात ‘अकवान’ का छत्तीसगढ़ में असर, कई जिलों में येलो अलर्ट; सुकमा में दो दिन भारी बारिश की चेतावनी

रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में बारिश से बढ़ी ठंड, किसानों को धान की फसल सुरक्षित रखने की सलाह; पशुपालकों के लिए भी जारी किए गए दिशा-निर्देश
रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है। इसके चलते तापमान में गिरावट आई है और ठंड का अहसास बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची तूफान की रफ्तार
बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ लगातार मजबूत हो रहा है। बुधवार को इसकी अधिकतम रफ्तार 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई थी। गुरुवार सुबह यह गोपालपुर से करीब 530 किलोमीटर, पुरी से 590 किलोमीटर और आंध्र प्रदेश के कलिंगपत्तनम से लगभग 440 किलोमीटर दूर केंद्रित था।
मौसम संबंधी जानकारी के अनुसार, चक्रवात लगभग 12 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पूर्वी दिशा में गोपालपुर की ओर बढ़ रहा था। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के विभिन्न हिस्सों में बादल छाने और बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
इन जिलों में बारिश और गरज-चमक का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए बस्तर, सरगुजा और रायपुर संभाग सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। जशपुर, बलरामपुर, रायगढ़, सारंगढ़-बिलाईगढ़, बलौदाबाजार, गरियाबंद, महासमुंद, बस्तर और कोंडागांव सहित कई जिलों में बारिश होने के आसार हैं।
कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की भी आशंका है। गरज-चमक और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को खुले मैदानों में जाने और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है।
सुकमा में 21 और 22 नवंबर को भारी बारिश की संभावना
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रायपुर केंद्र और इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय की ग्रामीण कृषि मौसम सेवा ने सुकमा जिले के लिए 18 से 22 नवंबर 2026 तक का मौसम पूर्वानुमान और कृषि सलाह जारी की है।
पूर्वानुमान के अनुसार, इस दौरान आसमान में 75 से 100 प्रतिशत तक बादल छाए रह सकते हैं। विशेष रूप से 21 और 22 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, हवा में नमी 50 से 95 प्रतिशत तक रह सकती है।
धान की कटाई और भंडारण को लेकर किसानों को सलाह
संभावित भारी बारिश और बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन और कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसल सुरक्षा के लिए सतर्क रहने कहा है। कटाई के लिए तैयार धान की फसल जल्द काटकर सुरक्षित एवं ढके हुए स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। खेतों में कटी हुई उपज खुले में नहीं छोड़ने को कहा गया है।
तेज हवाओं और बारिश की आशंका के चलते फिलहाल धान को मंडी ले जाने से बचने तथा मौसम सामान्य होने के बाद ही परिवहन करने का परामर्श दिया गया है। इसके अलावा गेहूं, चना और सरसों जैसी रबी फसलों की बुवाई तथा सब्जियों की रोपाई अगले 3 से 4 दिनों तक टालने की सलाह दी गई है।
जल निकासी और फसलों की सुरक्षा पर जोर
कृषि सलाह में खेतों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और बारिश के दौरान कीटनाशक एवं खरपतवारनाशक दवाओं का छिड़काव नहीं करने की हिदायत दी गई है। अरहर की फसल में मिट्टी चढ़ाने की सलाह दी गई है, जबकि फिलहाल सिंचाई और निराई-गुड़ाई रोकने को कहा गया है।
तेज हवा से टमाटर, केला और बेल वाली सब्जियों की फसल को नुकसान से बचाने के लिए पौधों को सहारा देने की सलाह दी गई है। वहीं, पपीता और गोभी वर्गीय फसलों के खेतों में जमा अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया है।
पशुपालकों और मुर्गीपालकों के लिए भी दिशा-निर्देश
खराब मौसम को देखते हुए पशुपालकों और मुर्गीपालकों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। पशुओं को बारिश, तेज हवाओं और ठंड से बचाने के लिए सुरक्षित एवं सूखे शेड में रखने को कहा गया है।
पशुशालाओं में पानी निकासी की व्यवस्था करने, सूखा बिछावन उपलब्ध कराने तथा पशुओं को स्वच्छ पेयजल और सूखा चारा देने पर जोर दिया गया है। नवजात बछड़ों, मेमनों और बकरी के बच्चों की विशेष देखभाल करने की भी अपील की गई है।





