महादेव सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 2 दिसंबर तक जेल, दीपक टंडन की पुलिस रिमांड बढ़ी

रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार को दो चर्चित मामलों में आरोपियों की अदालत में पेशी हुई। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ईडी की रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद विशेष अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया। वहीं, धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के कई मामलों में आरोपी अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन की पुलिस रिमांड भी बढ़ा दी गई है।
सौरभ चंद्राकर न्यायिक हिरासत में भेजा गया
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में आरोपी सौरभ चंद्राकर की ईडी रिमांड पूरी होने के बाद जांच एजेंसी ने उसे विशेष अदालत के सामने पेश किया। मामले की सुनवाई के बाद अदालत ने उसे 2 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया। अब सौरभ चंद्राकर जेल में रहेगा। ईडी कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क और उससे जुड़े वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
दीपक टंडन को 23 नवंबर तक पुलिस रिमांड
दूसरे मामले में धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के कई आरोपों का सामना कर रहे अंबेडकर उर्फ दीपक टंडन को पुलिस ने रिमांड अवधि समाप्त होने पर अदालत में पेश किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड की मांग की थी। इस पर अदालत ने आरोपी को 23 नवंबर तक पुलिस हिरासत में सौंपने का आदेश दिया। अब पुलिस उससे आगे पूछताछ करेगी।





