छत्तीसगढ़

एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम : ओ.पी. चौधरी

Advertisement
Advertisement Carousel

नवा रायपुर के लखौली में एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए वित्त मंत्री, कैडेटों को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की दी प्रेरणा

एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान को देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों में विकसित करने के लिए राज्य सरकार देगी आवश्यक संसाधन, आगामी बजट में प्रावधान करने का प्रयास

रायपुर। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि युवा शक्ति ही छत्तीसगढ़ और देश के उज्ज्वल भविष्य की सबसे बड़ी आधारशिला है। युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने में राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की महत्वपूर्ण भूमिका है। एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को न केवल सैन्य सेवाओं, बल्कि जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता हासिल करने के लिए तैयार करता है।

लखौली के एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में पहुंचे वित्त मंत्री

वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी 18 नवंबर को नवा रायपुर के लखौली में आयोजित एनसीसी प्रशिक्षण कैंप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कैडेटों से संवाद किया और उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, अनुशासन बनाए रखने तथा निरंतर परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैडेटों के उत्साह, समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान के विकास के लिए बजट में प्रावधान का प्रयास

वित्त मंत्री ने एनसीसी प्रशिक्षण संस्थान के विकास को लेकर कहा कि राज्य सरकार इसे देश के सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण संस्थानों में शामिल करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगी। संस्थान में आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं, संसाधनों और अधोसंरचना के विकास के लिए आवश्यकताओं का आकलन कर आगामी बजट में समुचित प्रावधान करने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को संस्थान की जरूरतों का विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जा सके।

सेना, नौसेना और वायुसेना में करियर बनाने युवाओं को किया प्रेरित

कैडेटों को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि भारतीय थलसेना, नौसेना और वायुसेना युवाओं को सम्मानजनक करियर के साथ राष्ट्रसेवा का गौरवशाली अवसर प्रदान करती हैं। एनसीसी युवाओं को सैन्य जीवन, अनुशासन, नेतृत्व और टीम भावना से परिचित कराने का महत्वपूर्ण मंच है।

उन्होंने अग्निवीर योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से भी युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण और राष्ट्रसेवा के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार अग्निवीरों के भविष्य और रोजगार के अवसरों को लेकर सकारात्मक पहल कर रही है।

सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचें युवा

वित्त मंत्री ने युवाओं को डिजिटल तकनीक और सोशल मीडिया का विवेकपूर्ण उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया ने ज्ञान तथा अवसरों के नए रास्ते खोले हैं, लेकिन इनका अनियंत्रित उपयोग एकाग्रता और समय प्रबंधन को प्रभावित कर सकता है।

उन्होंने कहा कि युवाओं को तकनीक का उपयोग अपने विकास के साधन के रूप में करना चाहिए। सोशल मीडिया पर मिलने वाली सूचनाओं और विचारों को बिना जांचे स्वीकार नहीं करना चाहिए। किसी भी विषय पर राय बनाने से पहले तथ्यों की पुष्टि और विभिन्न स्रोतों से जानकारी प्राप्त करना जरूरी है।

अनुशासन और निरंतर मेहनत से ही मिलेगी सफलता

श्री चौधरी ने कैडेटों के साथ अपने जीवन के संघर्ष और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि सिविल सेवा की तैयारी के दौरान उन्होंने समय का अनुशासित ढंग से उपयोग किया और नियमित दिनचर्या के साथ लंबे समय तक एकाग्र होकर अध्ययन किया। इसी आदत ने उन्हें लक्ष्य तक पहुंचने में मदद की।

उन्होंने कहा कि सफलता के लिए केवल संसाधन और सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं, बल्कि स्पष्ट लक्ष्य, मजबूत इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत सबसे महत्वपूर्ण हैं। युवा अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार प्रशासनिक सेवाओं, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, अनुसंधान, उद्यमिता, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग और रेलवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बना सकते हैं।

स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की ताकत

वित्त मंत्री ने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होना चाहिए। इसके लिए नियमित व्यायाम, खेलकूद, संतुलित दिनचर्या और मानसिक एकाग्रता जरूरी है।

उन्होंने कहा कि एनसीसी प्रशिक्षण युवाओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करने, सामूहिक जिम्मेदारी निभाने और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का अवसर देता है। ये गुण जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता प्राप्त करने में सहायक होते हैं।

रक्षा उत्पादन और तकनीक में भारत की बढ़ती पहचान का किया उल्लेख

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में भारत ने रक्षा उत्पादन, तकनीक, विनिर्माण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति की है। देश स्वदेशी रक्षा उपकरणों के उत्पादन और निर्यात की दिशा में आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस जैसी रक्षा प्रणालियां भारत की बढ़ती तकनीकी और सामरिक क्षमता को प्रदर्शित करती हैं।

उन्होंने युवाओं से देश की बदलती संभावनाओं को समझने और अपने ज्ञान, कौशल तथा प्रतिभा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

बड़े सपने देखें और राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका

वित्त मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं में प्रतिभा और संभावनाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मार्गदर्शन, बेहतर अवसर और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराने की है। राज्य सरकार शिक्षा, कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने एनसीसी अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण के साथ देश के भविष्य को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कैडेटों से बड़े सपने देखने, मजबूत संकल्प के साथ आगे बढ़ने और विकसित छत्तीसगढ़ एवं विकसित भारत के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाने की अपील की।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button