NEET-UG पेपर लीक मामले में बड़ा फैसला, सभी 14 आरोपियों पर आरोप तय करने का आदेश

21 नवंबर को होगी आरोप तय करने की औपचारिक प्रक्रिया, 25 नवंबर से रोजाना शुरू होगी नियमित सुनवाई
नई दिल्ली। NEET-UG पेपर लीक मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अहम फैसला सुनाते हुए सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया है। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता की अदालत ने आरोपियों को 21 नवंबर को पेश होने का निर्देश दिया है। इस दिन उनके खिलाफ औपचारिक रूप से आरोप तय किए जाएंगे।
कई गंभीर धाराओं में तय होंगे आरोप
बुधवार को सभी 14 आरोपियों को तिहाड़ जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अदालत में पेश किया गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सबूत नष्ट करने समेत विभिन्न अपराधों के तहत आरोप तय करने का आदेश दिया।
भ्रष्टाचार और सार्वजनिक परीक्षा कानून भी शामिल
मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम और कॉपीराइट अधिनियम की धारा 63 के तहत भी आरोप तय किए जाएंगे।
25 नवंबर से प्रतिदिन होगी सुनवाई
अदालत ने मामले की नियमित सुनवाई 25 नवंबर से शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके बाद मामले की सुनवाई प्रतिदिन के आधार पर होगी। इससे NEET-UG पेपर लीक मामले में न्यायिक प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।





