थाईलैंड के फुकेट में भीषण आग से 11 लोगों की मौत, 16 झुलसे

मोटरसाइकिल किराये पर देने वाली दुकान में देर रात लगी आग, ऊपरी मंजिलों पर बने आवासीय परिसर में फंसे लोग
बैंकॉक। दक्षिणी थाईलैंड के लोकप्रिय पर्यटन स्थल फुकेट में रविवार देर रात भीषण आग लगने से 11 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि 16 अन्य घायल हो गए। हादसा मोटरसाइकिल किराये पर देने वाली एक दुकान में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रात करीब दो बजे इमारत में भड़की आग
स्थानीय सरकारी अधिकारियों के अनुसार, फुकेट स्थित इमारत में देर रात करीब दो बजे आग लगी। इमारत के भूतल पर मोटरसाइकिल किराये पर देने की दुकान संचालित थी, जबकि ऊपरी मंजिलों पर आवासीय परिसर बने हुए थे। आग तेजी से फैलने के कारण वहां मौजूद लोगों को संभलने का मौका नहीं मिला।
एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
घटना की जानकारी मिलते ही दमकलकर्मी और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। आग बुझाने में दमकल टीम को करीब एक घंटे का समय लगा। इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 16 लोग झुलसकर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
आग लगने के कारणों की जांच जारी
पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारी हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं।





