छत्तीसगढ़

मोदी सरकार ने जनजातीय समाज को दिया अधिकार और सर्वोच्च सम्मान: नितिन नवीन

Advertisement
Advertisement Carousel

धरमजयगढ़ के जनजातीय गौरव सम्मेलन को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित, बोले- 2026 तक नक्सलवाद का खात्मा जनजातीय समाज के सम्मान का विषय

रायगढ़/धरमजयगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रविवार को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित दशहरा मैदान में भव्य जनजातीय गौरव सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की एनडीए सरकार ने दशकों से उपेक्षित जनजातीय समाज को उसका अधिकार और सम्मान दिलाने के लिए ऐतिहासिक कार्य किए हैं।

जनजातीय समाज को साथ लेकर ही बनेगा विकसित भारत

अपने संबोधन की शुरुआत में नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने देशवासियों, झारखंड के लोगों और जनजातीय समाज के सभी भाई-बहनों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस घोषित कर इस समाज को उचित सम्मान दिया है। विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब जनजातीय समाज को साथ लेकर विकास की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।

जनजातीय समाज अब देश के नेतृत्व में भी भागीदार

नितिन नवीन ने कहा कि आज जनजातीय समाज के लोग देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद राष्ट्रपति सहित विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री पदों तक पहुंच रहे हैं। यह इस बात का प्रमाण है कि जनजातीय समाज अब केवल विकास का भागीदार ही नहीं, बल्कि देश का नेतृत्व भी कर रहा है।

नक्सलवाद का खात्मा जनजातीय समाज के सम्मान से जुड़ा विषय

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 तक नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करना जनजातीय समाज के सम्मान से जुड़ा विषय है। बस्तर की पहचान अब बंदूकों की गूंज से नहीं, बल्कि बस्तर ओलंपिक और खेल के मैदानों से बन रही है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में विकास और शांति को लेकर केंद्र सरकार के प्रयासों का उल्लेख किया।

छठ महापर्व से बिहार की संस्कृति को मिल रही वैश्विक पहचान

अपने संबोधन में नितिन नवीन ने लोक आस्था के महापर्व छठ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व बिहार की संस्कृति और परंपराओं को वैश्विक पहचान दिला रहा है। उगते और डूबते सूर्य दोनों को नमन करने वाली बिहार की जनता आज विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के कल्याण, सम्मान और सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयास देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button