छत्तीसगढ़

सरगुजा में हाथियों की दहशत, एक दर्जन से अधिक स्कूलों में अवकाश घोषित

Advertisement
Advertisement Carousel

उदयपुर वनपरिक्षेत्र में 17 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से ग्रामीणों में डर, कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने का अभियान लगातार दूसरे दिन भी नाकाम

कबरा हाथी को पकड़ने में जुटी वन विभाग की टीम

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के उदयपुर वनपरिक्षेत्र में जंगली हाथियों की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। हाथियों के झुंड के विचरण और संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में एहतियातन अवकाश घोषित कर दिया है।

वहीं, पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में विचरण कर रहे कबरा हाथी को ट्रेंकुलाइज कर रेडियो कॉलर लगाने की वन विभाग की कोशिश लगातार दूसरे दिन भी सफल नहीं हो सकी। तैमोर पिंगला अभयारण्य से बुलाए गए दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों दुर्योधन और तीर्थराज की मदद से विशेषज्ञों ने दिनभर अभियान चलाया, लेकिन कबरा हाथी को पकड़ने में सफलता नहीं मिली।

17 हाथियों के झुंड में शामिल हुआ कबरा हाथी

मुख्य वन संरक्षक (वन्य प्राणी) प्रणय मिश्रा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ग्राम सायर में डेरा डालकर कबरा हाथी को पकड़ने का प्रयास कर रही है। शुक्रवार देर शाम कबरा हाथी उदयपुर क्षेत्र में करीब ढाई महीने से विचरण कर रहे 17 सदस्यीय हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था।

इसके बाद रात में सायर बाजार के नजदीक जंगल से हाथियों के चिंघाड़ने और तेज आवाज में दौड़ने की घटनाएं सामने आईं। इस हलचल के बाद झुंड के भीतर वर्चस्व को लेकर संघर्ष की आशंका जताई गई। देर रात तक जारी गतिविधियों से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा।

बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में छुट्टी

जंगल के आसपास हाथियों की सक्रियता को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सायर संकुल और सुखरी भंडार क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।

जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा के अनुसार, क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी और संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्वयं संकुल केंद्रों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूल प्रबंधन को भी सूचना देकर अवकाश सुनिश्चित कराया गया है।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button