छत्तीसगढ़

जनजातीय समाज को सम्मान और पहचान देने का काम पीएम मोदी ने किया : रामविचार नेताम

Advertisement
Advertisement Carousel

धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस पर प्रेस वार्ता, मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर लगाया जनजातीय समाज की उपेक्षा का आरोप

धरमजयगढ़। राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह-2026 के अवसर पर आयोजित प्रेस वार्ता में मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सहित भाजपा नेताओं ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। इस दौरान नेताओं ने जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान, महापुरुषों के बलिदान और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में जनजातीय समाज के महापुरुषों और उनके योगदान को अपेक्षित पहचान नहीं मिली, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन्हें सम्मान और पहचान देने का काम किया गया है।

जनजातीय महापुरुषों के इतिहास को सामने लाने की जरूरत : रामविचार नेताम

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि देश की आजादी के इतिहास में जनजातीय महापुरुषों के शौर्य और वीरता का पर्याप्त उल्लेख नहीं किया गया। शहीद वीर नारायण सिंह, शहीद गेंद सिंह और शहीद गुंडाधुर जैसे अनेक जननायकों ने छत्तीसगढ़ की धरती पर जन्म लेकर अपने संघर्ष और बलिदान से देश को गौरवान्वित किया। उन्होंने स्वतंत्रता, सामाजिक व्यवस्था और अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए अभूतपूर्व संघर्ष किया।

उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों की गाथाएं आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचना जरूरी है। आजादी के बाद लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारें रहीं, लेकिन पहली बार जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में हुआ। जनजातीय समाज को अपने नायकों के इतिहास और योगदान को सम्मान के साथ याद करने का अवसर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिला है।

जनजातीय समाज की बेटी राष्ट्रपति पद पर पहुंची : केदार कश्यप

वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि आज देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर जनजातीय समुदाय की बेटी द्रौपदी मुर्मू आसीन हैं। वनांचल से निकलकर राष्ट्रपति पद तक पहुंचना पूरे जनजातीय समाज के लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, ओडिशा में मोहन चरण माझी और अरुणाचल प्रदेश में पेमा खांडू के नेतृत्व में सरकारें काम कर रही हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जनजातीय समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और आर्थिक विकास के साथ कौशल उन्नयन के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

बस्तर और सरगुजा में विकास कार्यों का किया उल्लेख

केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्र, जिन्हें कभी पिछड़े इलाकों के रूप में जाना जाता था, वहां अब मेडिकल कॉलेज, विश्वविद्यालय और एजुकेशन हब जैसी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। नए जिलों का गठन और वन अधिकार पत्रों का वितरण भी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय केंद्र और राज्य सरकार को

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने लंबे समय तक नक्सलवाद का दंश झेला है। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा क्षेत्र इससे प्रभावित रहे। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की योजनाओं और सुरक्षा बलों के जवानों के प्रयासों से नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में बड़ी सफलता मिली है।

उन्होंने विपक्ष के कुछ नेताओं द्वारा नक्सलियों को रोल मॉडल बताए जाने संबंधी बयानों पर भी आपत्ति जताई। नेताम ने कहा कि जनजातीय समाज ने कभी नक्सलियों को अपना आदर्श नहीं माना। उन्होंने सलवा जुडूम के दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों के संघर्ष का भी उल्लेख किया।

भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद

रामविचार नेताम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने धर्मांतरण के विरोध, जनजातीय संस्कृति की रक्षा और देश की अस्मिता के लिए संघर्ष किया। अंग्रेजों ने उन्हें जेल में डाल दिया और अंततः उनका निधन जेल में ही हुआ। समाज और देश के लिए उनके योगदान के कारण ही उन्हें धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के रूप में पूजा जाता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाकर समाज के नायकों को सम्मान देने की पहल की है। इसका उद्देश्य जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद करना और समाज में सम्मान, स्वाभिमान एवं गौरव की भावना को मजबूत करना है।

पीएम जनमन और धरती आबा योजना से विकास का दावा

मंत्री ने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के नाम पर पीएम जनमन योजना शुरू की गई है। इसके माध्यम से पहाड़ी कोरवा, बिरहोर, कमार, भुंजिया और बैगा जैसी विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

उन्होंने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान का जिक्र करते हुए बताया कि देश के 549 जिलों के 63 हजार गांवों के विकास के लिए लगभग 80 हजार करोड़ रुपये की कार्ययोजना बनाई गई है। इन योजनाओं के माध्यम से जनजातीय गांवों में सड़क, बिजली, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस को बताया ऐतिहासिक अवसर

रामविचार नेताम ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस समाज के लिए सम्मान और स्वाभिमान का बड़ा अवसर है। इस आयोजन के माध्यम से जनजातीय महापुरुषों के योगदान को याद करने और उनकी विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन का मार्गदर्शन भी प्राप्त होगा।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button