महादेव सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को PMLA कोर्ट में पेश, ED मांग सकती है कस्टोडियल रिमांड

सीबीआई कोर्ट से आवेदन खारिज होने के बाद ईडी ने विशेष अदालत का रुख किया, आठ दिन तक सीबीआई कर चुकी है पूछताछ
रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को प्रोडक्शन वारंट के जरिए PMLA की विशेष अदालत में पेश किया। इससे पहले सीबीआई कोर्ट में ईडी का आवेदन खारिज हो गया था। इसके बाद जांच एजेंसी ने विशेष अदालत का रुख किया। अब ईडी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के लिए उसकी कस्टोडियल रिमांड मांग सकती है।
सीबीआई ने आठ दिनों तक की थी पूछताछ
इससे पहले केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सौरभ चंद्राकर से आठ दिनों तक पूछताछ की थी। इस दौरान महादेव ऐप के संचालन तंत्र, पैनल ऑपरेटरों की भूमिका, हवाला के जरिए हुए कथित वित्तीय लेनदेन और प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं पर सवाल किए गए थे।
वित्तीय लेनदेन और नेटवर्क की भूमिका की जांच
जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि ऑनलाइन सट्टे से हासिल रकम किन लोगों तक पहुंचाई गई और पूरे नेटवर्क में किन अधिकारियों तथा अन्य प्रभावशाली व्यक्तियों की भूमिका रही। सीबीआई ने रिमांड के दौरान अदालत में इन पहलुओं की जांच के लिए सौरभ से पूछताछ को जरूरी बताया था।
2022 में दर्ज हुई थी पहली एफआईआर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामले में पहली एफआईआर 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज की गई थी। इसके बाद 6 अक्टूबर 2022 को ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू से जांच शुरू की। जांच के दौरान सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल को प्रमुख आरोपियों के रूप में चिह्नित किया गया।





