रायपुर कमिश्नरेट में 4 थाना प्रभारियों का तबादला, तीन थानों को मिले नए TI

तेलीबांधा, आमानाका और उरला थाने में नए निरीक्षकों की तैनाती, बालेश्वर लहरे को रक्षित केंद्र भेजा गया
रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट में प्रशासनिक दृष्टिकोण से थाना प्रभारियों के तबादले किए गए हैं। जारी आदेश के तहत चार निरीक्षकों को इधर से उधर किया गया है। इसमें तेलीबांधा, आमानाका और उरला थानों को नए थाना प्रभारी मिले हैं।
तीन थानों में नई जिम्मेदारी
जारी तबादला सूची के अनुसार अजय झा को आमानाका थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं सुधांशु बघेल को उरला और रोहित मालेकर को तेलीबांधा थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टिकरापारा थाने में पदस्थ प्रमोटी निरीक्षक बालेश्वर लहरे को रक्षित केंद्र भेजा गया है।
समीक्षा बैठक के बाद जारी हुई तबादला सूची
जानकारी के अनुसार रायपुर पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने गुरुवार को थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली थी। बैठक में कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों और थानों में लंबित मामलों की समीक्षा की गई थी। इस दौरान कई थाना प्रभारियों को लंबित मामलों और अन्य शिकायतों को लेकर फटकार भी लगाई गई थी। इसके बाद थाना प्रभारियों के तबादले की सूची जारी की गई है।





