काजीरंगा नेशनल पार्क के पास भीषण सड़क हादसा, मिनी बस और कंटेनर की टक्कर में 23 लोगों की मौत; कई घायल

असम के गोलाघाट जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुआ हादसा, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका; मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
असम के काजीरंगा नेशनल पार्क के पास शुक्रवार को भीषण सड़क दुर्घटना में 23 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा एक यात्री मिनी बस और कंटेनर ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर हुई भिड़ंत
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना गोलाघाट जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज के अंतर्गत हाथीकुली टी एस्टेट के पास रंगाजन में हुई। यात्री मिनी बस की सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पुलिस और बचाव दल ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस से शवों को बाहर निकाला जा रहा है।
23 लोगों की मौत, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने बताया कि शुरुआती जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कम से कम 23 लोगों की मौत हुई है। कई लोग घायल हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल बस में सवार कुल यात्रियों की संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। गोलाघाट के जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया है।
गंभीर घायलों को जोरहाट किया गया रेफर
हादसे की जानकारी मिलते ही असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री और स्थानीय विधायक अतुल बोरा घटनास्थल पर पहुंचे। वह राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर उपचार के लिए जोरहाट मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने जताया दुख
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि काजीरंगा में हुई इस दुर्घटना से उन्हें गहरा आघात पहुंचा है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति उन्होंने संवेदना जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा असम प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। सरकार की प्राथमिकता घायलों को बिना देरी बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने और शोक संतप्त परिवारों को हिम्मत मिलने की प्रार्थना की।
तेज रफ्तार को हादसे की संभावित वजह मान रही पुलिस
गोलाघाट एसएसपी स्वप्ननील डेका के अनुसार, मिनी बस तेज रफ्तार में चल रही थी और राष्ट्रीय उद्यान के आसपास लागू गति संबंधी प्रतिबंधों का उल्लंघन कर रही थी। शुरुआती आशंका है कि तेज रफ्तार के कारण बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सामने से आ रहे कंटेनर ट्रक से टकरा गई। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।





