छत्तीसगढ़ में पैर पसारने की फिराक में था पाकिस्तान से संचालित आतंकी नेटवर्क, अकलतरा से पंजाब का युवक गिरफ्तार

शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था आरोपी सेवक सिंह, प्रदेश के बेरोजगार युवक को नेटवर्क में भर्ती कर वारदात कराने की थी तैयारी
छत्तीसगढ़ में पाकिस्तान से संचालित प्रतिबंधित आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी नेटवर्क (एसबीएन) की गतिविधियों से जुड़ा एक मामला सामने आया है। अकलतरा से गिरफ्तार पंजाब निवासी 26 वर्षीय सेवक सिंह पिछले चार महीने से नेटवर्क के सरगना शहजाद भट्टी के सीधे संपर्क में था। जांच एजेंसियों को आशंका है कि नेटवर्क छत्तीसगढ़ में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करने की कोशिश कर रहा था।
पंजाब में रेकी और हथियारों की तस्करी का आरोप
जांच के अनुसार, सेवक सिंह पर पंजाब में रेकी करने, हथियारों की तस्करी और सीमा पार से ड्रग्स पहुंचाने जैसी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। एजेंसियों को यह भी संदेह है कि वह छत्तीसगढ़ के एक बेरोजगार युवक को नेटवर्क से जोड़कर उससे आपराधिक वारदात कराने की तैयारी कर रहा था।
एनआईए के इनपुट पर हुई गिरफ्तारी
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से मिले इनपुट के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के बाद जांच तेज की गई। इस दौरान पाकिस्तानी संपर्कों, हथियारों की मांग और डिजिटल माध्यमों से हुई बातचीत से जुड़े साक्ष्य सामने आने की बात कही गई है।
प्रदेश में संदिग्ध स्लीपर सेल से जुड़ा पहला मामला
खुफिया जांच एजेंसी के अनुसार, छत्तीसगढ़ में इस नेटवर्क के संदिग्ध स्लीपर सेल से जुड़ी गिरफ्तारी का यह पहला मामला बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां अब आरोपी के संपर्कों, नेटवर्क की गतिविधियों और प्रदेश में संभावित सहयोगियों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं।





