मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की, कुनकुरी में 5 करोड़ से हुआ घाट का सौंदर्यीकरण

दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा नया छठ घाट, मुख्यमंत्री ने अस्ताचलगामी सूर्यदेव को अर्पित किया संध्या अर्घ्य
जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को जशपुर जिले के तपकरा में छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने अस्ताचलगामी भगवान सूर्यदेव को संध्या अर्घ्य अर्पित किया और छठी मैया से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने तपकरा में छठ घाट निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। इसे ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कुनकुरी में 5 करोड़ रुपये की लागत से छठ घाट का सौंदर्यीकरण कराया गया है। वहीं दराखारिका में 4 करोड़ रुपये की लागत से नए छठ घाट का निर्माण कराया जाएगा।
प्रकृति और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता का पर्व है छठ
मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, तपस्या और समर्पण का अनुपम प्रतीक है। यह पर्व हमें प्रकृति, जल और सूर्यदेव के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने की प्रेरणा देता है। छठ पर्व हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है।
जनजातीय गौरव दिवस की भी दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस भी उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया।
जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं की रही उपस्थिति
इस अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय, जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेमन्ती साय, श्री भरत साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, छठ व्रती महिलाएं और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।





