धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, ओपी चौधरी बोले- छत्तीसगढ़ के 3 करोड़ लोगों के लिए गर्व का दिन

हजारों की संख्या में पहुंचे लोग, वित्त मंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को किया याद; नितिन नवीन के आगमन को बताया दोहरी खुशी का अवसर
रायगढ़/धरमजयगढ़। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस अवसर पर वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने जनजातीय समाज को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिवस छत्तीसगढ़ के तीन करोड़ लोगों के लिए गर्व का दिन है। उन्होंने इसे युवा शक्ति और राष्ट्रीय गौरव का पर्व बताया।
प्रधानमंत्री मोदी की पहल से शुरू हुआ जनजातीय गौरव दिवस
ओपी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर वर्ष 2021 में जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई थी। इसके बाद से यह पर्व पूरे देश में उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह दिवस जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और योगदान को याद करने का अवसर है।
नितिन नवीन के आगमन को बताया दोहरी खुशी का अवसर
वित्त मंत्री ने कहा कि धरमजयगढ़ के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन पहली बार धरमजयगढ़ की धरती पर पहुंच रहे हैं। उनका आगमन सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने छत्तीसगढ़ की न्योता देने की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि आयोजन के लिए सभी को आमंत्रित किया गया है।
बिरसा मुंडा का संघर्ष हमेशा रहेगा प्रेरणास्रोत
ओपी चौधरी ने कहा कि मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित सभी अतिथियों का आगमन इस आयोजन को ऐतिहासिक बना रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल, जमीन और जनजातीय समाज की पहचान की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उनके इस योगदान और बलिदान को याद करना ही जनजातीय गौरव दिवस का वास्तविक उद्देश्य है।
जय धरती आबा के नारों से गूंजा आयोजन स्थल
कार्यक्रम के दौरान पूरा पंडाल जय धरती आबा और जय जनजातीय गौरव दिवस के नारों से गूंज उठा। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने उपस्थित जनसमूह को इस गौरवपूर्ण अवसर की बधाई देते हुए आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने के लिए आभार व्यक्त किया।





