रायगढ़

Raigarh Paddy Procurement 2026 : धान खरीदी से पहले रायगढ़ में 20 चेक पोस्ट पर निगरानी शुरू, 10 तहसीलों में उडऩदस्ता दल तैनात

Advertisement

15 नवंबर से 112 केंद्रों में होगी समर्थन मूल्य पर खरीदी, अवैध परिवहन और भंडारण रोकने तीन पालियों में 24 घंटे जांच; किसानों को ऑनलाइन टोकन की सुविधा

रायगढ़। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होने जा रही है। खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाने और अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के 20 अंतरराज्यीय चेक पोस्ट पर 1 नवंबर से निगरानी शुरू कर दी गई है। वहीं, जिले की 10 तहसीलों में उडऩदस्ता दल गठित कर अवैध धान खरीदी, परिवहन और भंडारण पर नजर रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीमावर्ती चेक पोस्ट पर तीन पालियों में होगी निगरानी

प्रशासन ने सभी 20 चेक पोस्ट पर संबंधित तहसीलदारों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग के कर्मचारी तीन पालियों में 24 घंटे तैनात रहेंगे। सीमावर्ती राज्यों से आने वाले वाहनों और उनमें परिवहन किए जा रहे धान की जांच की जाएगी।

लैलूंगा तहसील के ग्राम हांडीपानी में ओडिशा सीमा पर बनाए गए चेक पोस्ट का निरीक्षण किया जा चुका है। वहीं, लमडांड-उषाकोठी मार्ग पर भी निगरानी शुरू कर दी गई है।

10 तहसीलों में उडऩदस्ता दल गठित

अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकडेगा तहसीलों में उडऩदस्ता दल बनाए गए हैं। ये दल धान की अवैध खरीदी, परिवहन और भंडारण से जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखेंगे।

जिले के 112 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी होनी है। कलेक्टर ने सभी केंद्रों में खरीदी शुरू होने से पहले आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

उपार्जन केंद्रों में सीसीटीवी और अन्य सुविधाएं अनिवार्य

प्रशासन ने सभी धान खरीदी केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग कम से कम 30 दिनों तक सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही बारदाने, पेयजल, छांव, ड्रेनेज और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

घर बैठे मोबाइल एप से मिलेगा टोकन

इस बार किसानों को टोकन लेने के लिए समितियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से 24 घंटे ऑनलाइन टोकन प्राप्त करने की सुविधा दी जाएगी।

एप के जरिए सुबह 8 बजे से और सोसायटी स्तर पर सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी किए जाएंगे। इससे किसानों को टोकन प्राप्त करने में सहूलियत होगी और खरीदी केंद्रों में व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में मदद मिलेगी।

Advertisement
Advertisement

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button